Viral News: प्रेग्नेंसी का समय किसी भी महिला के लिए सबसे नाजुक होता है, जब उसे सबसे ज़्यादा अपने माता-पिता के सहारे और प्यार की ज़रूरत होती है. लेकिन सोचिए, अगर वही मां-बाप उसकी जान के दुश्मन बन जाएं, तो क्या हो? अमेरिका से सामने आई यह घटना इंसानियत को झकझोर देने वाली है. यहां एक मां ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. उसने अपनी प्रेग्नेंट बेटी का पेट काट दिया और सौतेले पिता ने गर्भ से बच्चा निकाल लिया. इस वारदात की वजह और इसके बाद की सच्चाई इतनी डरावनी है कि सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए.
कैसे शुरू हुआ शक, फिर लापता हुई रेबेका
अमेरिका के मिशिगन में रहने वाली प्रेग्नेंट युवती रेबेका पार्क नवंबर की शुरुआत में लापता हो गई थी. वह 38 हफ्ते की गर्भवती थी और कुछ ही दिनों में मां बनने वाली थी. 3 नवंबर को वह आखिरी बार अपनी बायोलॉजिकल मां कॉर्टनी बार्थोलोम्यू और सौतेले पिता ब्रैडली बार्थोलोम्यू के घर जाती दिखी. इसके बाद 4 नवंबर को उसके गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. करीब तीन हफ्तों बाद 25 नवंबर को मिशिगन झील के पास मैनिस्टी नेशनल फॉरेस्ट में जंगल से रेबेका के अवशेष बरामद हुए, जिसने पूरे मामले को और भी भयावह बना दिया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोले खौफनाक राज
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि रेबेका अब प्रेग्नेंट नहीं थी, जबकि उसका अजन्मा बच्चा कहीं नहीं मिला. इसी बिंदु से जांच ने खतरनाक मोड़ ले लिया. 1 दिसंबर को पुलिस ने कॉर्टनी और ब्रैडली को गिरफ्तार कर लिया. अदालत में अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि दोनों ने साजिश के तहत रेबेका को घर बुलाया, फिर जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाकर जंगल ले गए. वहां चाकू से हमला कर उसे जमीन पर लिटाया गया और जिंदा हालत में उसके पेट से बच्चा निकाला गया. इसके बाद रेबेका को मरने के लिए जंगल में छोड़ दिया गया.
मां का कबूलनामा और सौतेले पिता का बचाव
शुरुआत में कॉर्टनी ने आरोपों से इनकार किया, लेकिन मोबाइल लोकेशन और सबूत सामने आने पर उसने अपना बयान बदल दिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसी ने स्कैल्पेल से भ्रूण को बाहर निकाला. उसका दावा था कि वह बच्चे को बचाकर रेबेका के मंगेतर को सौंपना चाहती थी, हालांकि बच्चा बाहर आते ही सांस नहीं ले रहा था. दूसरी ओर, ब्रैडली ने पूरा दोष कॉर्टनी पर मढ़ दिया. उसने कहा कि पत्नी और बच्चे चाहती थी, लेकिन कानूनी कारणों से गोद नहीं ले सकती थी. इस मामले में रिश्तों, लालच और हैवानियत का ऐसा चेहरा सामने आया, जिसने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया.