मेरठ। मेरठ में स्कूल मालिक पति को सांप से डसवाकर हत्या करने वाली पत्नी दामिनी जेल में रात-रात भर करवटें बदल रही है। उसकी आंखों से नींद गायब है। 18 जुलाई को जेल के अंदर जाने के बाद से ही दामिनी बार-बार बॉयफ्रेंड का नाम लेती रही।
दामिनी ने जेल प्रशासन से कहा कि तुषार ही मेरा सब कुछ है। इस पर जेल स्टाफ ने उससे कहा कि कानून के अनुसार, मुलाकात संभव नहीं है। इसके बाद दामिनी बैरक में गुमसुम बैठ गई। वह बार-बार रोने लगती है। 10 दिन बाद दामिनी को मुस्कान और रविता के साथ जेल की पुरानी बैरक में रखा जाएगा।
मुस्कान पति की हत्या कर नीले ड्रम में पैक करने के केस में जेल में बंद है। वहीं, रविता ने भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को सांप से डसवाकर मार डाला था।
दामिनी ने रिक्वेस्ट की, एक बार तुषार से मिलवा दो
जिला जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया- जो नई महिला बंदी दामिनी भड़ाना आई है, उसने जेल स्टाफ से कहा कि तुषार से मिलना है। हालांकि, तुषार ने दामिनी से मिलने की कोई डिमांड नहीं की। लेकिन, दामिनी बार-बार तुषार से मिलवाने की रिक्वेस्ट कर रही थी।
लेकिन, जेल मैन्युअल के अनुसार केवल ब्लड रिलेशन और पति-पत्नी की मुलाकात ही संभव है। दामिनी-तुषार में ऐसा कोई रिश्ता नहीं है। दामिनी-तुषार पति-पत्नी नहीं है। न ही दोनों में ब्लड रिलेशन या परिवारिक संबंध है। इसलिए उनकी मुलाकात संभव नहीं है।
दामिनी को महिला स्टाफ ने बता दिया कि तुषार से उसकी मुलाकात नहीं हो सकती। दामिनी को सांप की व्यवस्था कराने वाले सोनू और उदय भी जेल में हैं। इन दोनों का व्यवहार सामान्य है। चारों से मिलने जेल में अब तक न तो उनके घरवाले आए, न ही कोई अन्य आया।
रातभर करवटें बदलती, कभी रोती रही
जेल में दामिनी की शनिवार (18 जुलाई) की पहली रात करवटें बदलते हुए कटी। शाम को जेल स्टाफ खाना लाया, तो उसने बड़ी मुश्किल से एक रोटी खाई। पहले वो मना करती रही, बाद में सख्ती होने पर उसने रोटी खाई।
बैरक में अन्य महिला बंदी आपस में बातें करती रहीं। लेकिन, दामिनी अकेली कभी काफी देर खड़ी रहती तो कभी माथे पर हाथ रखकर बैठ जाती, कभी वह टहलने लगती। उसने पहले दिन किसी से कोई बात नहीं की।
रात को भी अपने बिस्तर पर करवटें बदलती रही। महिला बंदियों ने जेल स्टाफ को बताया कि दामिनी रात में बार-बार रो रही थी। कभी तुषार का नाम लेकर सिसकती, तो कभी अपने बेटे को याद करती। इससे ज्यादा उसने कुछ नहीं कहा।
दामिनी को नए बंदियों के साथ रखा गया है
डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया- 18 जुलाई को हस्तिनापुर से तुषार पायला और दामिनी भड़ाना, सोनू और उदय जेल में दाखिल हुए हैं। इनके ऊपर स्कूल संचालक अतुल को सांप से डसवाकर हत्या करने का आरोप है।
चारों नए बंदी हैं, इसलिए इनको अभी 10 दिन तक नए बंदियों के साथ रहना होगा। चारों को नए बंदियों की बैरक में अलग-अलग रखा गया है। तुषार, सोनू और उदय पुरुष बैरक में हैं। दामिनी महिला बैरक में है। दामिनी को बैरक नंबर- 12ए में रखा गया है।
10 दिन बाद मुस्कान-रविता के साथ रहेगी दामिनी
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया- जेल नियमावली के मुताबिक, दामिनी को 10 दिन नए बंदियों के बीच रखने के बाद पुराने बंदियों की बैरक में शिफ्ट किया जाएगा। पति की हत्या कर नीले ड्रम में पैक करने वाली मुस्कान, प्रेमी के साथ पति का गला घोंटने और फिर सांप से डसवाकर मारने की आरोपी रविता भी इसी जेल की पुरानी महिला बंदी है। सभी पुरानी बैरक में बंद हैं। दामिनी को 10 दिन बाद मुस्कान-रविता की बैरक में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि, अभी रविता या मुस्कान से दामिनी की कोई मुलाकात या बातचीत नहीं हुई है।
तुषार मुस्कान और रविता के प्रेमी के साथ रहेगा
जिस तरह 10 दिन बाद दामिनी को पुरानी महिला बंदियों की बैरक में शिफ्ट किया जाएगा। उसी तरह उसके प्रेमी तुषार को भी पुरानी बैरक में भेजा जाएगा। इस पुरानी बैरक में मुस्कान का प्रेमी साहिल, रविता का प्रेमी अमरदीप भी बंद है। उसी समय साहिल, अमरदीप से तुषार की भी मुलाकात होगी।
शुरुआती हेल्थ चेकअप में चारों एकदम फिट
जेल में शनिवार को दाखिल करने से पहले दामिनी, तुषार, सोनू और उदय का हेल्थ चेकअप कराया गया। इसमें दामिनी एकदम फिट आई। उसे कोई बीमारी नहीं है। वजन भी ठीक है। लेकिन, जल्द ही उसका दूसरा हेल्थ चेकअप भी कराया जाएगा। अभी तक जेल में उसका बीपी, हार्टबीट, बॉडी टेंपरेचर सब नॉर्मल है। बस वो गुमसुम है और किसी से बात नहीं कर रही।
मेरठ जेल में बंद हैं पति की हत्यारोपी 3 पत्नियां
मेरठ जिला जेल में इस समय पति की हत्या के आरोप में 3 पत्नियां बंद हैं। इनमें मुस्कान रस्तोगी, कोमल और रविता हैं। इन सभी ने बॉयफ्रेंड के चक्कर, अफेयर और अवैध संबंधों में अपने पति की हत्या की है।
1. मुस्कान रस्तोगी- मार्च, 2025 में ब्रह्मपुरी कॉलोनी की मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर मर्चेंट नेवी ऑफिसर पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी। सौरभ और मुस्कान की लव मैरिज हुई थी। लेकिन, साहिल से शादी करने के लिए मुस्कान ने पति सौरभ को नशीली सब्जी खिलाकर उसे बेहोश किया था।
इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। लाश की गर्दन, हथेलियां काटकर अलग कर दी थीं। फिर टुकड़ों को नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट, बालू के घोल से सील कर दिया था। मुस्कान-सौरभ दोनों जिला जेल में हैं।
2. रविता- बहसूमा, अकबरपुर सादात की रविता ने अप्रैल, 2025 में प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित की गला दबाकर हत्या कर दी थी। रविता-अमरदीप ने अमित को नींद की हालत में पहले गला दबाकर मार डाला था। फिर बेड पर सांप छोड़ दिया था। लोगों को लगे कि सांप काटने से अमित की मौत हुई है। लेकिन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सारा सच सामने आ गया था।
3. कोमल- 4 अप्रैल, 2026 को परीक्षितगढ़ के अगवानपुर के बीएसएफ जवान नैनसिंह को उसकी पत्नी कोमल और मौसी के बेटे गुलशन ने मिलकर मार डाला था। गुलशन, कोमल का प्रेमी है। इन्होंने मिलकर नैनसिंह की हत्या के लिए सुपारी दी थी। इसमें पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को अरेस्ट किया था। गुलशन-कोमल ने अपने जेवर गिरवी रखकर सुपारी की रकम जुटाई और पति को मरवाया था। कोमल, गुलशन दोनों जिला जेल में हैं।