कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नाबालिग लड़की ने आत्महत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की थी। लड़की का शव जंगल में फांसी से फंदे पर लटका मिला था। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र का था। प्रेमी अपनी नाबालिग प्रेमिका पर शक करता था। प्रेमी के शक और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने फांसी लगाई थी। प्रेमी अपनी नाबालिग से अक्सर कहता था तू बेवफा है, तेरा किसी दूसरे के साथ संबंध है। तुम मुझे धोखा दे रही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। झगड़े से परेशान होकर उसने सुसाइड कर लिया।
घर से लापता हो गई थी लड़की
परिजनों के अनुसार, 27 नवंबर को नाबालिग अपने भाई और बहन के साथ बाजार गई थी। रात को घर लौटने के बाद तीनों अपने-अपने कमरे में सो रहे थे लेकिन सुबह नाबालिग अपने कमरे में नहीं थी। पहले तो परिजनों ने खोज खबर नहीं ली उसके बाद जब बहुत देर तक लड़की घर में नहीं दिखी तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
परिजनों ने गांव और आसपास उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। जिसके बाद परिजनों ने कोरबी चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। उसके बाद 29 नवंबर को गांव के पास जंगल में एक पेड़ पर नाबालिग का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से शव की पहचान कराई थी।
जेल भेजा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही थी। आरोपी दिलराज मरकाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। उसने प्रताड़ना की बात को स्वीकार किया है। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि प्रेमिका लापता होने के बाद उसके बाद आई थी। जहां दोनों के बीच विवाद हुआ और वह वहां से वापस चली गई। जिसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिलराज मरकाम रोजी मजदूरी का काम करता है और अक्सर अपनी प्रेमिका के साथ विवाद करते रहता था।