गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनावों के लिए पूर्वोत्तर राज्य के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिक्कत का सामना करना पड़ा। तकनीकी कारणों से उनका हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया। इसके बाद उन्होंने फोन के जरिए ही जनसभा को संबोधित किया। बीजेपी ने असम के गोलकगंज में इसके बाद रैली को रद्द कर दिया, हालांकि अगले कार्यक्रम में अमित शाह व्यवस्थित तरीके से पहुंच गए।
अमित शाह ने समर्थकों से मांगी माफी
केंद्रीय गृह मंत्री ने फोन पर अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने माफी भी मांगी। उन्होंने अपनी संबोधन में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए BJP उम्मीदवार अश्विनी राय सरकार के लिए वोट मांगे। इसके बाद अमित शाह एक और चुनावी कार्यक्रम के लिए दुधनोई रवाना हो गए। असम में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में पहुंच चुका है। राज्य में 126 सीटों के लिए आगामी 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।