केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार ने किया ऐलान

त्योहारी सीजन से पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मोदी सरकार ने केंद्र सरकार के ग्रुप C और गैर-राजपत्रित ग्रुप B कर्मचारियों को उत्पादकता-संबंधी बोनस (प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस) के तौर पर 30 दिन के वेतन के बराबर एड-हॉक बोनस देने की घोषणा की है। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि 2024-25 के लिए बोनस की राशि ₹6,908 तय की गई है।

किन्हें मिलेगा लाभ?
– यह बोनस उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में रहे और जिन्होंने कम से कम लगातार छह महीने काम किया हो।

– यदि किसी ने पूरा साल काम नहीं किया है, तो उसे प्रो-राटा आधार पर (यानी जितने महीने काम किया है, उसके हिसाब से) बोनस दिया जाएगा।

– केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के पात्र कर्मचारी भी इस बोनस के दायरे में आएंगे।

– केंद्र शासित प्रदेशों (UTs) के वे कर्मचारी जो केंद्र सरकार के वेतन ढांचे पर काम करते हैं और किसी अन्य बोनस या एक्स-ग्रेशिया के पात्र नहीं हैं, उन्हें भी यह लाभ मिलेगा।

– एड-हॉक कर्मचारी, जिनकी सेवा में कोई रुकावट नहीं है, भी पात्र होंगे।

– कैजुअल लेबरर, जिन्होंने पिछले तीन सालों में निर्धारित दिनों तक काम किया है, उन्हें भी बोनस दिया जाएगा। इनका बोनस ₹1,184 तय किया गया है।

अन्य जरूरी बातें
केवल वही कर्मचारी पात्र होंगे, जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में बने रहे।
जो कर्मचारी इस तिथि से पहले रिटायर, इस्तीफा या निधन के कारण सेवा से बाहर हो गए, उनमें से केवल वे ही पात्र होंगे जिन्होंने कम से कम छह महीने की सेवा की हो।
जो कर्मचारी डेप्युटेशन पर अन्य संगठनों में कार्यरत हैं, उन्हें बोनस उनकी वर्तमान संस्था द्वारा दिया जाएगा।
बोनस की राशि हमेशा निकटतम रुपये तक राउंड की जाएगी।
बोनस कैसे होगा कैलकुलेट?
बोनस की गणना अधिकतम ₹7,000 मासिक वेतन पर की जाएगी। उदाहरण – ₹7,000 × 30 ÷ 30.4 = ₹6,907.89 (जिसे ₹6,908 तक राउंड किया गया है)। बता दें कि सरकार का यह फैसला लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के जवानों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाएगा। इस त्योहारी बोनस से उनके परिवारों को बड़ी राहत और खुशी मिलने की उम्मीद है।