दिल्ली एयरपोर्ट, स्कूलों और कई अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की मिली धमकी

नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट, स्कूलों और कई अन्य संस्थानों को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस को इस मामले में धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि इसस पहले भी कई बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, हर बार यह ईमेल और कॉल अफवाह साबित हुई है।

सीआरपीएफ स्कूल और सर्वोदय विद्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल और कुतुब मीनार के पास स्थित सर्वोदय विद्यालय सहित दिल्ली के दो स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे, जो कि बाद में अफवाह निकला। वहीं एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बतया कि पुलिस दल, दमकलकर्मी और बम निरोधक इकाइयों को तुरंत प्रभावित स्कूलों में तैनात किया गया ताकि उचित तलाशी अभियान चलाया जा सके। हालांकि, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।