हूती विद्रोही बार-बार विभिन्न जहाजों पर हमले करते रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने एक कार्गो जहाज पर मिसाइल से हमला किया है। यह घटना सोमालिया के तट के निकट सोमवार को एक डच झंडे वाले कार्गो जहाज पर हुई। हमले के दौरान जहाज में आग लग गई। अच्छी बात ये है कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
ब्रिटिश नौसेना समूह और फ्रांसीसी सैन्य अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टि की है। यह घटना ईरान-समर्थित हूती समूह के उन हमलों का हिस्सा प्रतीत होती है, जो क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों को लक्ष्य बना रहे हैं। फ्रांस के मरीन इन्फॉर्मेशन, कोऑपरेशन एंड अवेयरनेस सेंटर के अनुसार, मिनर्वाग्राख्त (Minervagracht) नामक इस जहाज को पिछले सप्ताह भी हूती लड़ाकों ने निशाना बनाने का प्रयास किया था, लेकिन वह असफल रहा।
सोमवार के हमले के बाद जहाज धधकने लगा और निकटवर्ती युद्धपोत को घटनास्थल की ओर भेज दिया गया है। स्थानीय यमनी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, हूती नियंत्रित इलाके से बैलिस्टिक मिसाइल दागी जाने की संभावना है। ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर और निजी सुरक्षा फर्म एम्ब्रे ने भी इस हमले की पुष्टि की है।
हालांकि, हूती विद्रोहियों ने अभी तक इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। आमतौर पर वे हमले की जिम्मेदारी कुछ देर बाद लेते हैं। जानकारी के मुताबिक, इस जहाज का मालिक एम्स्टर्डम स्थित कंपनी स्प्लिएथॉफ है। कंपनी ने अब तक हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि हूती विद्रोहियों ने लगातार दूसरी बार इसी जहाज को क्यों निशाना बनाया?