पंजाब के 12 जिलों में बाढ़, 29 की मौतः उत्तराखंड में स्कूल बंद, यमुना बेकाबू, कई क्षेत्र खाली कराए

दिल्ली। पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश जारी है। पंजाब के पठानकोट, फिरोजपुर समेत 12 जिले एक हफ्ते से बाढ़ की चपेट में हैं।

राज्य में 1,312 गांवों के 2.56 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक 29 लोगों की मौत हो गई है। भिवानी, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में आज कुछ स्कूलों में छुट्‌टी कर दी गई है। गुरुग्राम के दफ्तरों में कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के आदेश जारी किए गए हैं।

उधर, दिल्ली में यमुना नदी के खतरे के निशान को पार करने के बाद मंगलवार को ट्रांस-यमुना क्षेत्र की कई कॉलोनियों में पानी घुस गया। यमुना बाजार, मयूर विहार और आसपास के इलाकों की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को अपना जरूरी सामान लेकर राहत शिविरों में जाने की अपील की है।

मयूर विहार और आसपास के इलाकों की कॉलोनियों में मंगलवार को 4 से 5 फीट तक पानी भर गया। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं। सोमवार को उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड से दो लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। भारी बारिश के कारण चार धाम यात्रा 5 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में इस साल अगस्त की बारिश ने 76 साल का रिकॉर्ड तोड़ा दिया। बीते महीने सामान्य से 68% ज्यादा (256.8 mm) बारिश हुई। यह 1949 के बाद से सबसे ज्यादा है।

शिमला में पिछले 24 घंटे में लैंडस्लाइड और मकान गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल के 6 जिलों में बहुत तेज बारिश का रेड अलर्ट है। 8 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।

हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी से बड़े-बड़े चट्टान गिरने से सड़क बंद हो गई है। JCB मशीन से मलबा हटाया जा रहा है। पंजाब के रूपनगर जिले में भाखड़ा नहर 12 जगहों से टूट गई। तेज धार में नहर का पानी सड़क के आर-पार बह रहा है।

नोएडा के याकूबपुर इलाके में यमुना नदी का पानी बढ़ा, घर डूबे
नोएडा के याकूबपुर इलाके में यमुना नदी का पानी बढ़ा, जिसके बाद आसपास बने घर पानी में डूब गए हैं। लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।

पंजाब: जालंधर कोर्ट कैंपस में पानी भरा
पंजाब के जालंधर में मंगलवार सुबह से तेज बारिश जारी है। इसके कारण सड़कों पर कई फीट तक पानी भर गया है। जालंधर कोर्ट कैंपस में भी पानी भरा है।

हरियाणा: फरीदाबाद में नेशनल हाईवे डूबा
फरीदाबाद में नेशनल हाईवे पर बल्लभगढ़ फ्लाइओवर के पास कई फीट तक पानी भर गया है। जिसके चलते एक तरफ लंबा जाम लग गया।

यूपी: आगरा में ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंचा यमुना का पानी
आगरा में यमुना एक बार फिर उफान पर है। नदी पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया है। वहीं, कैलाश घाट, बल्केश्वर घाट, हाथी घाट और दहशरा घाट की सीढ़ियों सहित शमशान घाट के 8 चितास्थल डूब गए हैं। यमुना का जलस्तर डेंजर लेवल से 2 फीट ऊपर बह रहा है।

जम्मू: तेज बारिश से चिनाब उफान पर
तेज बारिश के कारण जम्मू में चिनाब नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को रियासी के सलाल डैम के सभी गेट खोले गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी से दूर रहें।

जम्मू-कश्मीर में रामबन फ्लाईओवर में दरारें पड़ीं
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। सोमवार दोपहर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन फ्लाईओवर में दरारें पड़ गईं। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण राजमार्ग के कई हिस्सों में पत्थर गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और कठुआ जिलों में सुबह से ही लगातार तेज बारिश हो रही है। दूसरी ओर, कश्मीर घाटी में भी काजीगुंड समेत कुलगाम और अनंतनाग के ऊपरी इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और प्रशासन अलर्ट पर है।

डोडा में एनएच-244 मार्ग को बहाल कर रही है सेना
जम्मू-कश्मीर में बारिश के बीच कई जगह बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से हालात खराब हैं। भूस्खलन से कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है। डोडा में, सेना ने जंगलगांव क्षेत्र के पास एनएच-244 को बहाल करने का अभियान शुरू किया है, ताकि प्रभावित इलाकों को फिर से जोड़ा जा सके।

दिल्ली: यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों में पानी भरा
दिल्ली में भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पानी बढ़ने से नदी के आसपास बसे निचले इलाकों में बने घरों और झुग्गियों को नुकसान पहुंचा है।

मजनू का टीला इलाके से सामने आई ताजा तस्वीरों में बाढ़ जैसा दृश्य दिखाई दे रहा है। कई घरों में पानी भर गया है और लोग परेशान हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार, यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे खतरा और बढ़ेगा।

पंजाब में 12 जिलों में 2.56 लाख प्रभावित, 129 राहत शिविर बनाए
पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री एस हरदीप सिंह मुंडियां ने मंगलवार को बताया कि बाढ़ से 12 जिलों में 2.56 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

इससे हजारों लोग बेघर हो गए। जन-जीवन, संपत्ति, फसलों तथा पशुधन को भारी नुकसान पहुंचा है।उन्होंने बताया कि अब तक 15,688 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। सबसे अधिक गुरदासपुर में 5,549 लोग हैं।

इसके बाद फिरोजपुर में 3,321, फाज़िल्का में 2,049, अमृतसर के 1,700, पठानकोट में 1,139 और होशियारपुर में 1,052 लोग शामिल हैं।राज्य सरकार ने 129 राहत शिविर स्थापित किए हैं। इनमें 7,144 लोग रह रहे हैं।

कुल्लू में भूस्खलन, 3 मंजिला इमारत ढही
हिमाचल के कुल्लू जिला के आनी बस स्टेंड में आज सुबह 10 बजे भूस्खलन के बाद 3 मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि, इसमें जनहानि नहीं हुई। यह बिल्डिंग साल 2023 में खाली करवा दी गई। इससे आसपास के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है।

हिसार में 150 साल पुरानी बिल्डिंग गिरी, एक बच्चा बचा
हिसार में अंग्रेजों के जमाने में बनीं 150 साल पुरानी बिल्डिंग बारिश की वजह से मंगलवार को गिर गई। गांधी चौक के पास इस बिल्डिंग के गिरने से स्कूल जा रहा बच्चा बाल-बाल बच गया।

यमुना नदी का जल स्तर बढ़ा, ड्रोन फुटेज में देखिए
ड्रोन फुटेज में दिल्ली-एनसीआर में लगातार भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। कई जगह खतरे के निशान के ऊपर है। यह फुटेज सिग्नेचर ब्रिज से लिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के मंडी में पंडोह से औट के बीच चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर करीब एक हजार मालवाहक गाड़ियां 31 अगस्त की रात से फंसी हैं।

राजस्थान के दौसा में उफान पर नहरें, सड़कों पर पानी की तेज धार
राजस्थान में लगातार भारी बारिश के कारण दौसा में कई नहरें उफान पर हैं। मंगलवार को सड़कों पर पानी की तेज धार बह रही है। दौसा के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार ने बताया कि दौसा में सोमवार को लगभग 177 मिमी बारिश हुई। इससे हरिपुरा बांध उफान पर है। राहत दल अलर्ट पर हैं।