Nigeria Firing: उत्तरी नाइजीरिया के एक गांव में बंदूकधारियों ने एक गांव पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों के हमले में 30 से ज्यादा लोग मारे गए, जबकि कईयों को अगवा कर लिया गया।
कब हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम हथियारबंद हमलावरों ने नाइजर राज्य के बोर्गु स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र के कसुवन-दाजी गांव पर हमला किया। बंदूकधारियों ने गांव में घुसते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके अलावा उन्होंने स्थानीय बाजार और कई घरों को आग के हवाले कर दिया। नाइजर राज्य पुलिस के प्रवक्ता वासियू अबियोदुन ने एक बयान में बताया कि सुरक्षा बलों को लोगों की तलाश के लिए तैनात किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, कम से कम दो ग्रामीणों ने मृतकों की संख्या 37 बताई और आशंका जताई कि यह संख्या इससे भी अधिक हो सकती है, क्योंकि रविवार तक कुछ लोग लापता थे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सुरक्षा बल अब तक इलाके में नहीं पहुंचे हैं, जो पुलिस के उस दावे का खंडन करती है कि उन्होंने अपहृत लोगों की तलाश के लिए अधिकारी तैनात किए हैं।