कटिहारः बिहार के कटिहार से चौंकाने वाला मामला सामने आया. जहां अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने के लिए एक शख्स ने डिलीवरी बॉय का वेश बनाया और उसके घर जा पहुंचा. दबे पांव अंदर भी दाखिल हो गया. लेकिन अलगी सुबह जो हुआ वो हैरान करने वाला था. शख्स की लाश प्रेमिका के कमरे में फंदे से लटकती हुई मिली. पुलिस ने शव बरामद कर लिया. मामले की जांच की जा रही है.
मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया. देर रात ‘डिलीवरी बॉय’ बनकर प्रेमिका के घर पहुंचे युवक का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के रहने वाले विनायक पंडित के रूप में की गई. पुलिस अवैध प्रेम संबंध के चलते आत्महत्या या हत्या की आशंका जता रही है. जानकारी के मुताबिक, विनायक पंडित का कुमारीपुर निवासी तेज नारायण पंडित की छोटी बहू आरती देवी से पिछले करीब दो वर्षों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था. इसी रिश्ते के चलते बीती रात विनायक डिलीवरी बॉय के रूप में आरती के घर पहुंचा था.
घर के पुरुष सदस्य फरार
बताया जा रहा है कि घर के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. चर्चा है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए विनायक के शव को घर के अंदर ही फंदे से लटका दिया गया. घटना के बाद आरती के घर के सभी पुरुष सदस्य फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरती देवी और उनकी देवरानी फूलों देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
देवरानी ने आपत्तिजनक हालत में देखा
पुलिस हिरासत में मौजूद फूलों देवी ने मृतक को आरती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने की बात कही है. फिलहाल, पुलिस प्रथम दृष्टया अवैध प्रेम संबंध के कारण हत्या की आशंका मानकर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.