प्रदूषण से बचने पहाडों में भागे लोगों से हिमाचल तबाह, जिधर देखो जाम ही जाम

दिल्ली-NCR की जहरीली हवा ने लोगों की सांसें मुश्किल कर दी हैं. AQI ‘Very पुअर’ और ‘सीवियर’ के बीच झूल रहा है. ऐसे में राहत की उम्मीद लेकर लोग पहाड़ों की ओर भाग रहे हैं. लेकिन जिस सुकून की तलाश थी, वही सफर जाम और अव्यवस्था में फंस गया. हिमाचल प्रदेश का रोहतांग पास, जहां आमतौर पर बर्फबारी और पीक टूरिस्ट सीजन में भीड़ दिखती है, इस बार बिना बर्फ और बिना छुट्टियों के ही जाम से जूझता नजर आया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रदूषण से बचने की यह भगदड़ पहाड़ों पर भारी पड़ रही है?

हिमाचल का रोहतांग पास इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. वजह है एक वीडियो, जिसमें पहाड़ों की संकरी सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. यह नजारा इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि न तो बर्फबारी हुई है और न ही कोई लंबी छुट्टियां चल रही हैं. आमतौर पर ऐसा ट्रैफिक पीक टूरिस्ट सीजन में ही देखने को मिलता है. लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहे हैं कि आखिर इतनी भीड़ अचानक कहां से आ गई.

यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) यूजर निखिल सैनी ने शेयर किया है. क्लिप में साफ दिखता है कि रोहतांग पास पर ट्रैफिक पूरी तरह थम चुका है. गाड़ियां रेंग भी नहीं पा रहीं. वीडियो शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, “हानिकारक AQI से छुटकारा पाना है या कुछ और? ये किसी शहर की सड़क नहीं, रोहतांग पास है. न बर्फ, न छुट्टियां, फिर भी इतना ट्रैफिक.” उनका सवाल जल्द ही हजारों लोगों की आवाज बन गया.