भीषण हादसाः खदान में दबे 15 से ज्यादा मजूदर-मचा हाहाकार

यूपी के सोनभद्र में ओबरा के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में खदान घंसने से दबे 18 में से तीन मजदूरों के शव बरामद हो गए हैं। अब भी 15 मजदूर अंदर दबे हुए हैं। खदान में पानी भरा होने और रास्ता ठीक न होने के कारण मलबा हटाने ने दिक्कत हो रही है। रास्ता बनाने के कार्य में मशीनें लगाई गईं। मलबा स्थल तक पहुंचने के लिए पत्थर, गिट्टी डालकर रास्ता बनाया गया है।

सीएम योगी के निर्देश पर आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी अभिषेक वर्मा से घटना के संबंध में जानकारी ली। मंडलायुक्त मिर्जापुर राजेश प्रकाश और आईजी मिर्जापुर आरपी सिंह भी पहुंच गए।

एडीजी जोन की मौजूदगी में पूरी रात रेस्क्यू आपरेशन चलता रहा। भोर में चार बजे मलबे से पहला शव निकाला गया। उसकी पहचान राजू सिंह पुत्र त्रिवेणी सिंह के रूप में हुई है।फिलहाल खनन क्षेत्र में जाने वाले सभी रास्तों को पुलिस ने बंद किया है। किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण छोटू यादव ने खदान मालिक और पार्टनर के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। छोटू यादव के दो सगे भाई भी खदान में काम कर रहे थे। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के कृष्णा माइनिंग स्टोन की खदान में शनिवार शाम लगभग चार बजे नौ कंप्रेशर पर कई मजदूर काम कर रहे थे।

इसी बीच ड्रिलिंग के दौरान लगभग 150 फीट से अधिक ऊंचाई से पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहकर नीचे जा गिरा है। हादसे के वक्त दो मजदूर वहां से तुरंत हट गए। घटना की सूचना मिलते ही खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड, जिलाधिकारी बीएन सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा समेत कई बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए।

रेस्क्यू के लिए बड़ी-बड़ी मशीनें मंगाई गईं। अंधेरा होने की वजह से लाइट की व्यवस्था की गई। इसके बाद लगभग सवा आठ बजे राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो सका। मौके एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम जुटी है। हादसे में बचे एक मजदूर छोटू यादव निवासी कर्मसार ने बताया कि उसके दो सगे भाई संतोष और इंद्रजीत भी दब गए हैं। डीएम बीएन सिंह का कहना है कि दो मजदूरों के मौत की सूचना मिल रही है। रात लगभग 12 बजे एक मजदूर का शव बरामद हुआ।

घटना की मजिस्ट्रियल जांच का आदेश सोनभद्र। डीएम बीएन सिंह ने बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुए हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।