खौफनाक हादसाः गोदाम ढहा, 55 लोग दबे, सेना भी बचाव में जुटी-मचा हाहाकार

कोलकाता। हादसा तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुआ है। दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर 1.30 बजे निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक गिर गया। घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 50 से 55 लोगों के दबे होने की आशंका है।

मलबे में दबे 14 लोगों का रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और सेना भी जुटी है।

मलबे और लोहे की रॉड को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। गैस कटर से लोहे की छड़ों को काटा जा रहा है। मलबे में दबे मजदूरों-कर्मचारियों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं, उनके जल्द से जल्द रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं।

मलबे में फंसे मजदूर बोला- मेरा पैर काट लो लेकिन मुझे बचा लो

हादसे के बाद बचाव कार्य के दौरान एक युवक अंकित सिंह ने मलबे में फंसे एक मजदूर को ढूंढने में अहम भूमिका निभाई। उसने घायल मजदूर का पैर पकड़कर बचाव दल को उसकी सही जगह तक पहुंचने में मदद की, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकालने का प्रयास तेज कर दिया।

मलबे में फंसा मजदूर दर्द से कराहते हुए बार-बार कह रहा था- ‘मैंने अपना पैर खो दिया है, अगर जरूरत हो तो बाकी हिस्सा काटकर मुझे बाहर निकालो, बस मेरी जान बचा लो।

सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कौशिक चौधरी समेत कई मंत्री भी मौजूद रहे। राज्य सरकार ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070 और 033-22143526/22535185 जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक गोदाम की जमीन ओडिशा के व्यवसायी की थी जिन्होंने किसी प्रायवेट फर्म को इसे लीज पर दिया था।

पिछले 10 सालों में निर्माण कार्य के दौरान हुए प्रमुख हादसे-

मार्च 2024, कोलकाता: गार्डन रीच इलाके में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से 12 लोगों की मौत हुई थी। जांच में बिना मंजूरी निर्माण और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी।
जुलाई 2023, ठाणे (महाराष्ट्र): निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरने से 7 मजदूरों की मौत और कई घायल हुए थे।
जून 2023, मुंबई: बांद्रा में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से कई मजदूर घायल हुए थे।
सितंबर 2022, अहमदाबाद: निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढहने से मजदूर मलबे में दब गए थे।
2016, कोलकाता का विवेकानंद फ्लाईओवर: निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरने से 27 लोगों की मौत हुई थी। यह पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े निर्माण हादसों में गिना जाता है।