IMD अलर्ट जारी: अगले 10 घंटे में 8 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी-घर से निकले सोच समझकर

कल का मौसम 28 जनवरी 2026: देश में कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश लगातार आफत बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे में फिर से 8 राज्यों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है, जो कि लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। आईएमडी ने कहा है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। इस बारिश से तापमान में कमी तो आएगी ही साथ ही स्वास्थ्य पर बुरा असर भी डाल सकती है। इस बीच, उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर से परेशानी बढ़ने वाली है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी से पर्यटकों को सावधान रहना होगा। तो चलिए देश के अन्य इलाकों में मौसम कैसा रहेगा…

देश के 8 राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे में 8 राज्यों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। जिन 8 राज्यों में बारिश की अधिक से अधिक संभावना है उनमें बिहार, यूपी, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, और सिक्किम शामिल हैं। इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। 28 जनवरी को उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवा जो कि 60 किमी प्रति घंटे तक तक जा सकती है।

28 जनवरी को बिहार में मध्यम से भारी बारिश, गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं की संभावना है। सिक्किम में भी इसी दिन छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

28 जनवरी को ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में गरज और बिजली के साथ छिटपुट हल्की वर्षा की संभावना है। इसके अलावा 30 जनवरी 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

इसके प्रभाव से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इस भारी बारिश के चलते एक बार फिर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। सुबह के समय ठंड बढ़ जाएगी।

उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 28 जनवरी को उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी के प्रयागराज, अयोध्या, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बस्ती,बदायूं ,कानपुर, ललितपुर, महोबा में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, दिल्ली, हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और पानीपत में सुबह के समय तेज ठंड हवा चलेगी। इसके अलावा पंजाब में अमृतसर,बठिंडा,फिरोजपुर, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, मोगा और रूपनगर में भी शीतलहर से परेशानी बढ़ने वाली है।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली में कल यानी 28 जनवरी को बारिश की चेतावनी नहीं है लेकिन आज यानी 27 जनवरी की रात को तेज बारिश हो सकती है। इस बारिश के चलते कल तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की कमी देखने को मिलेगी। बारिश की वजह से कहीं-कहीं ट्रैफिक व्यवस्था भी बिगड़ती नजर आई। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बता दें कि 23 जनवरी को भी दिल्ली में मूसलाधार बारिश हुई थी जिससे अगले दिन तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।

यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवा भी चलेंगी। लखनऊ, कानपुर,लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, बस्ती,बाराबंकी,संत कबीर नगर, महाराजगंज,देवरिया और गोरखपुर में मध्यम से लेकर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। लखनऊ का कल अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को बिहार में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक अगले 15 घंटे में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सीतामढ़ी में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। साथ में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है। पटना में कल अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

उत्तराखंड में कल मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में कल यानी 28 जनवरी को बारिश और आंधी की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मसूरी में कल अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। देहरादून में कल अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

हिमाचल में कल मौसम कैसा रहेगा
हिमाचल प्रदेश में कल बारिश का किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है लेकिन शीतलहर परेशान करेगी। जिन जिलों में शीतलहर पड़ेगी उनमें कांगड़ा, हमीरपुर, सोलन, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर शामिल हैं। वहीं कल मनाली में अधिकतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बता दें कि आज हिमाचल में कई जगहों पर लगातार बर्फबारी हो रही है।