भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने रचा इतिहास, न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम मेयर चुने गए

New York Mayor Election: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है. भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी मेयर का चुनाव जीत लिया है. वह न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर हैं. ममदानी की जीत डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वह लगातार ममदानी का विरोध कर रहे थे.

उन्होंने धमकी दी थी कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क की फंडिंग रोक देंगे. बुधवार को घोषित नतीजों में उन्होंने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की. जोहरान ममदानी ने पूर्व न्यूयॉर्क गवर्नर एंड्रयू क्योमो, जो एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे, और रिपब्लिकन प्रत्याशी कर्टिस स्लिवा को मात दी. इससे पहले मौजूदा मेयर एरिक एडम्स ने सितंबर में चुनावी दौड़ से नाम वापस ले लिया था.

चुनाव मंगलवार सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक हुए. वहीं शुरुआती मतदान 25 अक्टूबर से शुरू होकर रविवार को खत्म हुआ था. इस चुनाव को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि यह डोनाल्ड ट्रंप की दूसरी राष्ट्रपति अवधि के दौरान हुआ पहला बड़ा चुनाव था.

कौन हैं जोहरान ममदानी?
34 वर्षीय जोहरान ममदानी का जन्म युगांडा में हुआ था और वे न्यूयॉर्क सिटी में पले-बढ़े हैं. वे न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य हैं और खुद को डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में पहचानते हैं. जोहरान मशहूर भारतीय फिल्ममेकर मीरा नायर और युगांडा के भारतीय मूल के लेखक महमूद ममदानी के बेटे हैं. उनकी जीत को अमेरिका में प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए गर्व का पल माना जा रहा है.

ममदानी ने क्या वादे किए?

चुनाव जीतने के बाद जोहरान ममदानी ने कहा कि वे मेयर के रूप में न्यूयॉर्क में कई बड़े बदलाव लाने जा रहे हैं. उन्होंने ऐलान किया कि वे सभी ‘रेंट स्टेबलाइज्ड टेनेंट्स’ के किराए को तुरंत फ्रीज करेंगे और हर संभव संसाधन का इस्तेमाल कर सस्ते मकानों का निर्माण करवाएंगे ताकि आम लोगों का किराया बोझ घटाया जा सके. उन्होंने तेज और फ्री बस सेवा का वादा करते हुए कहा कि पूरे शहर में बस किराया पूरी तरह खत्म किया जाएगा. साथ ही बसों के लिए प्राइमरी लेन और ‘लोडिंग जोन’ बनाए जाएंगे ताकि सड़क पर डबल पार्किंग से होने वाली दिक्कतें खत्म हों.