SBI बैंक में देश की सबसे बड़ी लूट: 58 किलो सोना और 8 करोड़ कैश-तरीका उडा देगा होश

India's biggest robbery at SBI Bank: 58 kg gold and Rs 8 crore cash - the method will blow your mind
India's biggest robbery at SBI Bank: 58 kg gold and Rs 8 crore cash - the method will blow your mind

Robbery Loot In SBI Bank:कर्नाटक के विजयपुरा जिले के चादचान कस्बे में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में मंगलवार शाम को सनसनीखेज लूट की घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया. पांच मास्कधारी लुटेरों ने मिलिट्री स्टाइल की वर्दी पहनकर बैंक में धावा बोल दिया और स्टाफ को बंधक बनाकर 58 किलो सोना और करीब 8 करोड़ रुपये नकद लूट लिए. लुटेरे बैंक से फरार हो गए, लेकिन उनकी इस्तेमाल की गई कार महाराष्ट्र के पंढरपुर में बरामद हो गई है. कर्नाटक और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त रूप से पंढरपुर और आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार लुटेरे देसी पिस्तौलों और अन्य हथियारों से लैस होकर बैंक में घुसे. उन्होंने मैनेजर, कैशियर और अन्य कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और अलार्म दबाने से रोका. फिर सभी को रस्सियों से बांध दिया और तिजोरी तोड़कर सोना और कैश लूट लिया. लूट के बाद लुटेरे एक सफेद रंग की कार में फरार हो गए. बैंक के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे. चादचान पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया और विजयपुरा के एसपी लक्ष्मण निम्बार्गी समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.

लूट की गाड़ी बरामद
पुलिस को शुरुआती सुराग मिला जब बुधवार सुबह महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में एक सुनसान जगह पर वही कार बरामद हुई. कार खाली थी, लेकिन उसमें लूट के सबूत जैसे रस्सियां और मास्क मिले. कर्नाटक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया- कार नंबर ट्रेस करने पर यह पुष्टि हुई कि यही वही वाहन है जिसमें लुटेरे भागे थे. हम मानते हैं कि लुटेरे कार छोड़कर पैदल या अन्य साधन से भागे होंगे.

दोनों राज्यों की पुलिस की संयुक्त टीम ने पंढरपुर, सोलापुर और सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है. डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है. महाराष्ट्र पुलिस के प्रवक्ता ने कहा- हम सीमा पर नजर रखे हुए हैं. यह लूट कर्नाटक में हालिया बैंक डकैतियों की श्रृंखला का हिस्सा लग रही है. कुछ महीने पहले दावणगेरे में SBI शाखा से 17 किलो सोना चोरी का मामला सामने आया था, जो मनी हाइस्ट सीरीज से प्रेरित था. विशेषज्ञों का मानना है कि लुटेरे संगठित गिरोह के हैं, जो बैंक की कमजोर सुरक्षा का फायदा उठाते हैं. बैंक अधिकारियों ने कहा कि सोना ग्राहकों के जेवरात थे और कैश दैनिक लेन-देन का था. नुकसान का आकलन 60 करोड़ से अधिक होने का अनुमान है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और पड़ोसी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.