अभी अभीः दुनिया को झटकाः डोनाल्ड ट्रंप का होर्मुज स्ट्रेट में 20% टोल वसूलने का ऐलान

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी करने और जहाजों से टोल वसूलने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान की कोशिश के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा। अमेरिका इसको खुला रखेगा और यहां से जाने वाले सभी कार्गो से इसके एवज में 20 फीसदी फीस ली जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप के इस ऐलान से ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ सकता है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का गार्जियन माना जाएगा। इस बेहद संवेदनशील समुद्री रास्ते की सुरक्षा के काम में आने वाले खर्चों के लिए हम वहां से गुजरने वाले सभी कार्गो से 20% की दर से फीस लेंगे। इस प्रक्रिया और व्यवस्था को तुरंत शुरू किया जाएगा।

हम होर्मुज जलडमरूमध्य का कंट्रोल ले रहे हैं। हम इसे अपने पास रखेंगे और शायद हम ही इसे चलाएंगे। हम जलडमरूमध्य के संरक्षक बन जाएंगे। हो सकता है कि हम इसे जलडमरूमध्य का गार्जियन एंजेल कहें। इसके लिए हमें भुगतान मिलना चाहिए।

होर्मुज खुला है और खुला रहेगा: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में लिखा है कि होर्मुज खुला है और ईरान की मर्जी के बिना भी खुला रहेगा। हम ईरानी नाकेबंदी को फिर से लागू कर रहे हैं। यह नाम इसलिए दिया गया है क्योंकि यह केवल ईरान के जहाजों या ग्राहकों को अंदर आने या बाहर जाने से रोकती है। बाकी सभी देश इस जलडमरूमध्य का निष्पक्ष और खुले तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे।

ट्रंप ने आगे कहा कि अब से अमेरिका को होर्मुज का संरक्षक माना जाएगा। इस भूमिका में और निष्पक्षता के नाते दुनिया के इस बेहद संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा और हिफाजत का काम करने के लिए जरूरी सभी खर्चों की भरपाई के तौर पर यहां से भेजे जाने वाले सभी कार्गो पर 20% की दर से शुल्क लिया जाएगा। हम इस व्यवस्था को शुरू कर रहे हैं।

ईरान का होर्मुज बंद करने का ऐलान
ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के बयानों और अमेरिकी हमलों के बीच सोमवार को ऐलान किया है कि उसकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया है। ईरान के पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद मानना जाए। अठॉरिटी ने इसके लिए अमेरिकी सेना के हमलों को जिम्मेदार कहा है।

अथॉरिटी ने कहा है कि अमेरिकी सेना की हालिया आक्रामक कार्रवाइयों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरना फिलहाल संभव नहीं है। शांति और स्थिरता बहाल होने पर अनुमति देने की प्रक्रिया फिर शुरू की जाएगी। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति प्राप्त करने का एकमात्र तरीका हमारी वेबसाइट है।

फिर बढ़ेगा तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनाव की शुरुआत होर्मुज स्ट्रेट में बीते हफ्ते मंगलवार को एक जहाज पर हमले के बाद हुई है। इसके बाद अमेरिका ने ईरान में हमले किए हैं और ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ऐसे में ट्रंप का होर्मुज पर नियंत्रण और टोल वसूलने के ऐलान से ईरान के साथ अमेरिका का तनाव बढ़ना तया है।