नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में भारी बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की लैंडस्लाइड में मौत हो गई है। मृतकों में 3 पंजाब, 1 उत्तर प्रदेश और 5 चंबा के रहने वाले हैं। दो लोगों की अभी पहचान नहीं हुई है।
दूसरी तरफ, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार रात बादल फटने से 5 लोगों की मौत हो गई। SDRF ने रूद्रप्रयाग में 40 और कुम्म गांव में 30 लोगों का रेस्क्यू किया।
पंजाब के फिरोजपुर में बारिश के चलते 62 गांव प्रभावित हुए। प्रशासन ने 2500 से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित जगह पहुंचाया है। 13 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं।
उत्तराखंड में कल रात से भारी बारिश के कारण शुक्रवार को बद्रीनाथ हाईवे अलकनंदा नदी में डूब गया। इससे श्रीनगर-रुद्रप्रयाग रास्ता बंद हो गया है।
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे नदी के तेज बहाव में बह गई। सड़क कई जगहों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। पंजाब के गुरदासपुर में सेना ने 27 अगस्त को एक टापू पर फंसे 27 लोगों के चीता हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू का वीडियो शुक्रवार को पोस्ट किया।
एयरफोर्स हेलिकॉप्टर से पठानकोट, अखनूर में रेस्क्यू ऑपरेशन
एयरफोर्स के एमआई 17 और चिनूक हेलीकॉप्टरों ने डेरा बाबा नानक, पठानकोट और अखनूर सेक्टरों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बाढ़ प्रभावित इलाकों से भारतीय सेना और BSF जवानों सहित फंसे हुए नागरिकों को निकाला गया।
पंजाब में 46 लोगों का रेस्क्यू, ड्रोन से भोजन पहुंचाया गया
पंजाब में बारिश के चलते 9 जिलों में भीषण बाढ़ आ गई है। इनमें पठानकोट, बटाला, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर शामिल हैं। एयरफोर्स ने राज्य में 46 लोगों को बचाया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 750 किलोग्राम राहत सामग्री बांटी गई। 9 जिलों में ड्रोन से खाना पहुंचाया गया।
जम्मू-पंजाब में बाढ़ में फंसे लोग, सेना के हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
पंजाब और जम्मू के कुछ इलाकों में बाढ़ के चलते लोग फंसे हैं। इंडियन एयर फोर्स के जवानों ने हेलीकॉप्टरों के जरिए नागरिकों का रेस्क्यू किया और उन्हें राहत सामग्री पहुंचाई।
अमृतसर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाई जा रही
पंजाब में मौसम विभाग के मुताबिक 30 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 31 अगस्त और 1 सितंबर को यलो अलर्ट रहेगा।
हरियाणा में टांगरी नदी उफान पर, SDRF ने रेस्क्यू किया
हरियाणा के अंबाला में बारिश के चलते टांगरी नदी में जलस्तर बढ़ गया। पानी में फंसे लोगों को SDRF टीम ने रेस्क्यू किया।