दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में सोमवार को बीच सड़क पर अचानक ट्रक के खड़े होने से पीछे आ रही मिनीबस उससे टकरा गई। इस हादसे में कई भारतीय कामगारों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि दुबई में हुई दुखद सड़क दुर्घटना से हम बेहद दुखी हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई। भारतीय मिशन ने कहा कि वह हर संभव सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा
भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, “दुबई में हुए उस दुखद सड़क हादसे से हमें गहरा दुख है, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई। हमारे अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल भारतीयों से मुलाकात की है और वे हर संभव मदद और सहयोग देने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”
दुबई पुलिस ने दी जानकारी
दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया था। उन्होंने एक बयान में कहा, ”बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी और ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।”