इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की शर्तों पर सहमति बन गई है। उन्होंने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले 24 घंटे में समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान इस पर डिजिटली तरीके से हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच यह शांति समझौता पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुआ है। हालांकि, अमेरिका और ईरान ने अभी तक इस शांति समझौते में पाकिस्तान का नाम नहीं लिया है।
शहबाज शरीफ ने शांति समझौते पर क्या कहा
शहबाज शरीफ ने एक्स पर पोस्ट किया, “हम शांति समझौते के पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। अगले 24 घंटों में इसके फाइनल होने की उम्मीद है, जिसके तुरंत बाद पाकिस्तान शांति समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है और उसके बाद अगले हफ़्ते टेक्निकल लेवल पर बातचीत होगी। हम बातचीत के दौरान लगातार सहयोग के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं, और इस क्षेत्र में अपने भाइयों के समर्थन के लिए हम उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं। हमें पूरा भरोसा है कि यह ऐतिहासिक शांति समझौता स्थायी शांति के लिए एक मज़बूत आधार बनेगा।”
शहबाज ने पहले ही किया था शांति समझौते का ऐलान
शहबाज ने शुक्रवार को एक अलग पोस्ट में लिखा, “पाकिस्तान की ओर से शांति समझौते के लिए जोर-शोर से मध्यस्थता की कोशिशें जारी रहने के बीच हम उन लोगों द्वारा लगातार फैलाई जा रही भ्रामक प्रचार से भी पूरी तरह वाकिफ हैं, जो इस शांति समझौते को नाकाम करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि शांति समझौते का अंतिम और सर्वसम्मति से तैयार किया हुआ मसौदा पूरा हो गया है और पाकिस्तान अब अगले कदम को अंतिम रूप देने के लिए दोनों पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है। हम शांति समझौते के इतने करीब कभी नहीं पहुंचे, जितना अब हैं।”
ईरान और अमेरिका ने क्या कहा?
शहबाज के इस दावे पर व्हाइट हाउस या ईरान के अधिकारियों की ओर से कोई तुरंत प्रतिक्रिया नहीं आई। इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने बातचीत में प्रगति का संकेत देते हुए कहा था, “इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन पर इस तरह की सहमति पूर्व में कभी नहीं बनी।” उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक मीडिया को इसके बारे में अटकलें लगाने से बचना चाहिए। हमारी जिम्मेदार और पारदर्शी नीति के अनुरूप सभी जानकारी उचित समय पर जनता के साथ साझा की जाएगी।” उन्होंने हालांकि इस संबंध में कोई विवरण नहीं दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अराघची की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया लेकिन समझौते के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।