पीएम मोदी ने बांग्लादेश चुनाव में जीत के बाद तारिक रहमान से की बात, जानें क्या कहा

नई दिल्ली : बांग्लादेश में चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी को बहुमत मिल गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीएनपी ने 300-सीट वाली संसद में 151 से अधिक सीट जीत ली हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनाव में जीत के बाद बीएनपी नेता तारिक रहमान से फोन पर बातचीत की है।

पीएम मोदी ने चुनाव में रहमान को जीत की बधाई के साथ ही दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक इतिहास का हवाला देते हुए बेहतर रिश्तों की बात कही है। बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की जीत के बाद भारत को अपने पड़ोसी देश से बेहतर रिश्ते की उम्मीद है। पीएम मोदी की जीत के बाद बधाई के संदेश के बाद तारिक से बात करना इस दिशा में अहम माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने ट्वीट में क्या लिखा?
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मिस्टर तारिक रहमान से बात करके बहुत खुशी हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनाव में शानदार जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने आगे लिखा कि मैंने बांग्लादेश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की उनकी कोशिश के लिए अपनी शुभकामनाएं और सपोर्ट दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दो करीबी पड़ोसियों के तौर पर, जिनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बहुत गहरे हैं। मैंने दोनों देशों के लोगों की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए भारत के लगातार कमिटमेंट को फिर से पक्का किया।

जीत के तुरंत बाद दी थी बधाई
इससे पहले पीएम मोदी ने चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद भी तारिक रहमान को बधाई दी थी। अपने संदेश में पीएम मोदी ने लिखा था कि मैं बांग्लादेश में पार्लियामेंट्री चुनावों में BNP को बड़ी जीत दिलाने के लिए मिस्टर तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों का आपके लीडरशिप पर भरोसा दिखाती है।

पीएम मोदी ने लिखा कि भारत एक डेमोक्रेटिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के सपोर्ट में खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि मैं हमारे कई तरह के रिश्तों को मजबूत करने और हमारे कॉमन डेवलपमेंट गोल्स को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।