Iran Latest News IN Hindi: ईरान में जारी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन लगातार और हिंसक होते जा रहे हैं. रविवार को राजधानी तेहरान समेत देश के कई बड़े शहरों में प्रदर्शन फैल गए, जबकि कार्रवाई के दौरान मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ने का दावा किया गया है.
अमेरिका स्थित एक मानवाधिकार संस्था के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 538 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,670 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी का कहना है कि प्रदर्शनकारियों पर की गई सख्त कार्रवाई के चलते हालात और गंभीर हो गए हैं. वहीं ईरान सरकार ने इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद कर दी हैं, जिससे जमीनी स्थिति का सटीक आकलन करना बेहद मुश्किल हो गया है. सूचना ब्लैकआउट के कारण देश के भीतर और बाहर रहने वालों के बीच संपर्क लगभग ठप हो चुका है.
ईरान के प्रदर्शन में घुसा ट्रक
ईरान संकट का असर देश की सीमाओं से बाहर भी दिख रहा है. अमेरिका के लॉस एंजेलिस में ईरान विरोधी रैली के दौरान एक यू हॉल ट्रक के भीड़ में घुस जाने से कम से कम दो लोग घायल हो गए. यह घटना विलशायर फेडरल बिल्डिंग के बाहर हुई, जहां ईरान में जारी प्रदर्शनों के समर्थन में हजारों लोग जुटे थे. पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि घटना के दौरान तनावपूर्ण हालात बन गए.
अमेरिका-इजरायल क्या बोला?
इस बीच ईरान के हालात पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश ईरान में हो रहे व्यापक प्रदर्शनों के नतीजों पर करीबी नजर रखे हुए है. साप्ताहिक कैबिनेट बैठक की शुरुआत में नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल के लोग और पूरी दुनिया ईरानी नागरिकों के साहस से प्रभावित हैं. उन्होंने नागरिकों की हत्या की निंदा करते हुए यह उम्मीद भी जताई कि ईरान जब अत्याचार से मुक्त होगा, तब दोनों देशों के रिश्ते फिर से बेहतर हो सकेंगे. इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, नेतन्याहू ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भी ईरान समेत कई मुद्दों पर बातचीत की है.
अमेरिका में भी ईरान को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान में इस्लामिक रिपब्लिक शासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों की मदद करने पर विचार कर रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि ट्रंप ने मदद का फैसला तो कर लिया है, लेकिन किस तरह और कब, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
वॉशिंगटन में हाल के दिनों में कई विकल्पों पर चर्चा हुई है, जिनमें सैन्य कार्रवाई, साइबर सपोर्ट और प्रदर्शनकारियों के लिए सैटेलाइट इंटरनेट जैसी मदद शामिल है. अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि ईरानी शासन पूरी तरह ढह नहीं रहा, लेकिन हालात में ऐसी दरारें जरूर दिख रही हैं जो पहले नहीं थीं.