पंजाब के लुधियाना के गिल रोड स्थित बचित्तर नगर इलाके में ब्लॉक समिति चुनाव में जीत के जश्न के दौरान माहौल उस वक्त बेकाबू हो गया, जब आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों गुटों ने पहले एक-दूसरे पर पथराव किया और उसके बाद कांग्रेसी वर्कर ने फायरिंग शुरू कर दी। हैरानी की बात यह है कि जिस समय कांग्रेसी कार्यकर्ता ने गोलियां चलाईं उस समय महिलाएं और बच्चे भी बाहर मौजूद थे।
यह वारदात उस समय हुई जब आप के वर्कर धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इस वारदात में गोलियां और पत्थर लगने से पांच लोग घायल हो गए। जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) के रूप में हुई है। सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल रविन्द्र सिंह ने बताया कि वे आप की जीत की खुशी में धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता जसबीर सिंह ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद झड़प हो गई। आरोप है कि इसके बाद पहले कांग्रेसी वर्करों ने पथराव किया और फिर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। आरोप लगाया कि 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। कई लोगों के पैरों में गोलियां लगीं।
आप नेता जतिंदरपाल सिंह गाबड़िया ने कहा कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव में बचित्तर नगर से आप के उम्मीदवार सोनू गिल और सुमित सिंह खन्ना विजयी रहे थे। जीत के बाद धन्यवाद रैली निकाली जा रही थी, तभी कांग्रेस नेता जसबीर सिंह और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों के मौके से फरार होने की बात भी कही गई। घायल गुरमुख सिंह ने बताया कि हार से बौखलाए कांग्रेसी नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलाईं। वहीं, आप वर्कर नरिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले ईंट-पत्थर चलाए और फिर पिस्टल से फायरिंग की। गुरदीप सिंह ने कहा कि गोली उनके पैर को छूकर निकल गई, गनीमत रही कि कोई बच्चा चपेट में नहीं आया।
गोलियां चलने की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी और थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही समय में पूरा एरिया पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से बातचीत की और कई लोगों के बयान भी दर्ज किए। वहीं, गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना भी दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी्।
वीडियो में गोलियां चलाता दिखआ आरोपी
सोशल मीडिया पर एक 1.57 मिनट के वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें दिख रहा है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वर्कर एक दूसरे को ललकार रहे हैं। आम आदमी पार्टी के वर्करों में सबसे आगे हाथ में तलवार लिए निहंग सिंह के बाणे में एक व्यक्ति है। लगातार दोनों गुट एक-दूसरे को धमकियां देते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों गुटों के लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और डंडे नजर आ रहे है। जब आप के समर्थक करीब पहुंचे तो सबसे पहले ईंटें कांग्रेस की वर्करों की तरफ से चलाई गई। इसके बाद आम आदमी पार्टी के वर्करों ने भी ईंटें बरसाई। आप वर्करों ने कांग्रसियों को ईंटें मार कर खदेड़ा। तभी अचानक से गोलियां चलने की आवाज आने लगी। क्रीम रंग की जैकेट पहने व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी के वर्करों पर सीधे गोलियां चलाई। फायरिंग कर रहे व्यक्ति की वीडियोग्राफी आप वर्करों ने की। गोलीबारी में अचानक एक गोली बुजुर्ग गुरमुख सिंह के लगी जो जमीन पर गिर गया। जो गोली चला रहा, उसे कांग्रेस नेता जसबीर सिंह बताया जा रहा है। गोली बुजुर्ग को लगने के बाद एक महिला उसे खींचते हुए ले जाती नजर आई। इस वीडियो में 3 से 4 बार फायरिंग की आवाज सुनी गई।