Surya Grahan September: 21 सितंबर को साल का आखिरी व दूसरा सूर्य ग्रहण लगेगा। हिंदू धर्म में सूर्य ग्रहण को शुभ घटना नहीं माना गया है। मान्यता है कि ग्रहण के समय कुछ नियमों का पालन करके इसके अशुभ परिणामों से बचा जा सकता है। जानें सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
कितने बजे से शुरू होगा सूर्य ग्रहण: साल का आखिरी सूर्य ग्रहण भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से प्रारंभ होगा और इसका समापन देर रात 03 बजकर 23 मिनट पर होगा। हालांकि यह ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा, जिसके कारण इसका सूतक काल देश में मान्य नहीं होगा।
सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करना चाहिए: हिंदू धर्म में मान्यता है कि ग्रहण लगने पर वातावरण में नकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ जाता है। इस बुरे प्रभाव से बचाव के लिए खाने-पीने की चीजों में तुलसी के पत्तों को डाल सकते हैं। ग्रहण शुरू व खत्म होने से पहले स्नान करना चाहिए। कहा जाता है कि सूर्य ग्रहण के दौरान बाहर जाने से बचना चाहिए। सूर्य ग्रहण के दौरान मंत्रों का जाप करना चाहिए और भगवान का ज्यादा से ज्यादा ध्यान लगाना चाहिए।
ये भी पढ़ें:21 सितंबर को लगेगा सूर्य ग्रहण, पढ़ें ग्रहण से जुड़े 7 सवालों के जवाब
सूर्य ग्रहण के दौरान क्या नहीं करना चाहिए: ग्रहण के दौरान सूर्य को नग्न आंखों से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि यह आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसके अलावा ग्रहण काल में भोजन बनाना व खाना दोनों वर्जित माने गए हैं। ग्रहण के समय पूजा-पाठ नहीं करना चाहिए और न ही देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्पर्श करना चाहिए। ग्रहण के दौरान शुभ कार्यों को नहीं करना चाहिए।
गर्भवती महिलाएं रखें इन बातों का ध्यान- ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को भोजन करने व सोने से बचना चाहिए। इस दौरान नुकीली चीजों जैसे चाकू, कैंची व सुई आदि का प्रयोग नहीं करना चाहिए।