Actor Vijay Rally Stampede: तमिलनाडु के करूर में शनिवार 27 सितंबर 2025 को एक्टर विजय की रैली में भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. इस दौरान भारी भीड़ को काबू करना बेहद मुश्किल हो गया था. वहीं एक्टर भी रैली में 6 घंटे देरी से पहुंचे थे. मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने तबाही का मंजर बयान करते हुए बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया जा सका.
बेकाबू हुई भीड़
घटना के दौरान मौजूद नंद कुमार नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा,’ हम खुद वहां थे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया जा सका. उन्होंने ( एक्टर विजय) कहा था कि वह सुबह 11 बजे तक करूर पहुंचेंगे और सभी को इसके बारे में सूचित किया गया था, लेकिन जब वह आए तब तक बेहद देर हो चुकी थी. हम प्रार्थना करते हैं कि जो भी घायल हुए हैं वे पूरी तरह से ठीक हो जाएं और सुरक्षित घर लौट आएं, लेकिन इसके अलावा ऐसी घटनाओं को फिर से होने से रोका जाना चाहिए.’
आयोजन पर फूटा गुस्सा
चश्मदीद ने कहा,’ यह समझना मुश्किल है कि गलती किसकी है. लोग उम्मीद लेकर आए थे कि वह समय पर पहुचेंगे. कई बच्चों के साथ आए थे, भूखे थे या मुश्किल हालात का सामना कर रहे थे. हर कोई एक स्टार को देखने के उत्साह के साथ आया था. यह बेहद दुखद है.’ नंद कुमार ने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों की सावधानीपूर्वक योजना बनाई जानी चाहिए. उन्होंने कहा,’ अगर उचित सुरक्षा उपाय भी किए गए हों तब भी अगर अपेक्षा से 10-15 गुना अधिक लोग आ जाएं तो कोई क्या कर सकता है? यह एक गंभीर भूल थी. ऐसे आयोजनों की योजना सावधानीपूर्वक बनाई जानी चाहिए. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि तमिलनाडु सरकार प्रभावित लोगों को उचित सहायता प्रदान करे.’
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी सूर्या ने भगदड़ को लेकर बताया,’ एंबुलेंस अंदर नहीं जा पा रही थीं. लोगों के खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी. लोगों को बाहर निकालने में बेहद लंबा समय लगा.’ इसके अलावा पीड़ितों में से जाकिर नाम के एक रिश्तेदार ने बताया,’ विजय को सुबह 9 बजे आना था, लेकिन वह उस समय नहीं आया. इस वजह से वहां भारी भीड़ थी, खासकर थिरुकोइलुरे के पास युवाओं और महिलाओं की भारी भीड़ थी. इस तरह की बैठकों में महिलाओं और बच्चों को साथ नहीं लाना चाहिए. यह देखना बेहद कठिन और भावनात्मक रूप से दर्दनाक है.’