Aaj Shaniwar Ka Mausam, आज का मौसम कैसा रहेगा (13 December 2025) Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega : मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार और रविवार को उत्तर पूर्वी मानसून (North East Mansoon) के असर से दक्षिण भारत में मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। खासकर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज बारिश और तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना है।
13, 14 दिसंबर को पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी (Snowfall) हो सकती है और मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में दिन में सर्द हवाएं तापमान में असर डालेंगी, जिससे दिन में भी कड़ाके की ठंड का एहसास होगा और सुबह मैदानी इलाकों में घना कोहरा (Fog) छाया नजर आएगा।
आज का मौसम कैसा रहेगा 13 दिसंबर (शनिवार) 2025
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता दिखाई दे रहा है। 13 दिसंबर से पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावनाओं के बीच हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं। मौसम विभाग ने 13, 14 और 15 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों पर छिटपुट बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है एवं पहाड़ियों के बीच कोहरे की धुंध नजर आएगी। आईएमडी की मानें तो हिमालयी राज्यों में बदलते मौसम का असर उत्तर भारत में मौसम बदलेगा और हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी और अगले सप्ताह 18 से 19 दिसंबर तक आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही हो सकती है। स्काईमेट ने 13 दिसंबर के मौसम के बारे में बताया कि अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में तेज आंधीनुमा हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। उधर, तमिलनाडु के तटीय हिस्सों में हल्की बारिश की पूरी संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में कोहरे के साथ सर्दी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
पंजाब में आज मौसम कैसा रहेगा
पंजाब एवं हरियाणा में ठिठुरन भरी सर्दी ने परेशान करना शुरू कर दिया है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग के मुताबिक, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 6.7 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 6.5 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि फरीदकोट 5.2 और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
हरियाणा में आज सर्दी का मौसम
हरियाणा में भी सर्दी ने कमर तोड़ रखी है। दिनभर चल रहीं सर्द हवाओं ने हालत पतली करनी शुरू कर दी है। सुबह और शाम कोहरा वाहन चालकों के लिए मुसीबत पैदा कर रहा है। अगले 2 से 3 दिन में हल्की बदली छाई नजर आएगी, जिससे तापमान स्थिर या थोड़ा बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस, हिसार में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस, करनाल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 8.4 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में एयर क्वालिटी मौसम आज
दिल्ली-एनसीआर में दिन में सर्द हवाएं कहर बरपा रही हैं और वातावरण में कोहरे-धुंध नुमा परत नजर आ रही है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली-एनसीआर को प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है। सीपीसीबी के मुताबिक, शुक्रवार को एक्यूआई 340 के आसपास दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। कयास लगाए जा रहे है कि अगले 10 दिनों तक हवा की क्वालिटी बहुत खराब श्रेणी में रहेगी, जिससे साफ हवा में सांस लेना अभी सपने जैसा रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, शनिवार और रविवार को न्यूनतम 8 से 9 डिग्री सेल्सियस और तापमान अधिकतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन से 4 दिनों तक तापमान के बने रहने की संभावना जताई गई है। 13 और 14 दिसंबर को एनसीआर में हल्का से मध्यम कोहरा नजर आ सकता है।
यूपी-बिहार आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में शीतलहर के माफिक दिन में हवाएं बहने से धूप भी बेअसर लग रही है। सुबह गलन वाली सर्दी तो दिनभर हवाओं की सर्दी तो शाम होते-होते सिहरन वाली ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि पहाड़ों पर नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का आंशिक प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखाई दे सकता है। 13 से 15 दिसंबर तक तेज कोहरा छाने का अनुमान है तो 18 और 19 दिसंबर को आंशिक तौर पर बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि, इन दिनों पूर्वी हिस्सों में कोहरे से दृश्यता से यातायात पर बड़ा प्रभाव पड़ रहा है। खासकर, ट्रेनें विलंब से चलनी शुरू हो गई हैं। कमोबेश यही हाल पड़ोसी राज्य बिहार में बने हुए हैं। दिनभर तेज सर्द हवाएं बहने से धूप बेअसर साबित हो रही है। आईएमडी का अनुमान है कि मिथिलांचल समेत अन्य रीजन में घना कोहरा छाएगा और सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। बिहार के कम से कम सात शहरों में एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया, जिसमें आरा 266 के साथ सबसे ऊपर रहा। सीपीसीबी के अनुसार, खराब श्रेणी में शामिल अन्य शहरों में बिहार शरीफ और राजगीर (प्रत्येक 261), समस्तीपुर (258), बक्सर और हाजीपुर (प्रत्येक 229) तथा पटना (217) शामिल हैं।
हिमाचल-उत्तराखंड में आज का मौसम
मौसम विभाग बताया कि पहाड़ों को नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण वीकेंड में हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल एवं स्पीति के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल के अन्य 9 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। लाहौल और चंबा के ऊंचे इलाकों में 17, 18 और 19 दिसंबर को बहुत हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में भी 14 दिसंबर को छिटपुट बारिश की भी स्थिति बन रही है। इधर, उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। कई ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की और छिटपुट मौसमी गतिविधि होने की संभावना जताई जा रही है। 21 दिसंबर से उत्तरी मैदानी इलाकों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इससे न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। फिलहाल, कोहरे की स्थिति बनी हुई है।
कश्मीर में आज पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट
कश्मीर में कड़ाके की ठंड से परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। खासकर घाटी इलाकों में सर्दी ने जनजीवन पर असर डालना शूरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 दिसंबर को, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से 3 डिग्री, काजीगुंड में 0 से 2.4 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में शून्य से 3 डिग्री, कोकरनाग में 0 से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जबकि पहलगाम में 0 से 4 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में 0 डिग्री, पुलवामा 0 से 5.5 , शोपियां में 0 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बने रहने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि 13 से 17 दिसंबर के बीच उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया गया है, जबकि 18 और 19 दिसंबर को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। 20-21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ शुरू होने के साथ ही घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार दिखाई दे रहे है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ यानी सर्दियों का सबसे कठोर दौर होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में घाटी के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश
उत्तर पूर्व मानसून के कमजोर होने के बाद भी दक्षिण भारत के दो से तीन राज्यों में अगले 2 दिन तक मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। खासकर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो 13 दिसंबर को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों हल्की बारिश का अनुमान है, लेकिन केरल और कर्नाटक में मौसम साफ रहेगा।