नोएडा. दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. सोमवार के बाद मंगलवार को भी रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई. गुरुग्राम में सोमवार को लगे भीषण जाम का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. वहीं अब मंगलवार को भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम ऑफिस टाइम में भीषण ट्रैफिक जाम लग गया.
पिक आवर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से जाम और भी गंभीर हो गया. घंटों तक लोग सड़कों पर फंसे रहे. ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर जाम खुलवाने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन बारिश और भीड़ के कारण हालात काबू में नहीं आ पा रहे. जाम के चलते नोएडा का हाल बेहाल हो गया है.
नोएडा एक्सप्रेसवे पर बारिश के कारण लगे हुए जाम की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है. जिसमें देखा जा सकता है कि एक्सप्रेवे पर चारों तरफ गाड़ियां ही गाड़ियां है और कई किलोमीटर तक जाम लगा है. घंटों जाम में फंसे लोग परेशान है और घर जाने में देरी हो रही है. कुछ इस तरह का वीडियो बीते दिन गुरुग्राम से वायरल हुआ था. जहां 6 घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे थे.
स्कूल कल बंद, भारी बारिश के चलते फैसला
कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. इसे देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी बारिश का असर दिखाई दिया. नोएडा और गाजियाबाद में 3 सितंबर को सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि यह निर्णय बच्चों और शिक्षण स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
वहीं बुलंदशहर में नर्सरी से कक्षा 12 तक सरकारी और निजी सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे. भारी बारिश में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया अवकाश का फैसला. बुलंदशहर में पिछले दो दिन से तेज बारिश लगातार हो रही है. बुलंदशहर बेसिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत पांडेय ने अवकाश का आदेश जारी किया है.
मथुरा-बागपत में भी स्कूल बंद
बागपत में भारी बारिश को देखते कल (3 सितंबर) को 8वीं से 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे. इस संबंध में बीएसए ने पत्र जारी किया है. इसके अलावा मथुरा में बारिश और यमुना में बढ़ते जल स्तर के चलते जिलाधिकारी मथुरा ने 1 से 12वीं कक्षा तक के विद्यालयों का 3 और 4 सितंबर का अवकाश घोषित किया है.
मुरादाबाद में डीएम अनुज सिंह ने निर्देश जारी करते हुए 2 सितंबर को नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक संचालित सभी बोर्डों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया. प्रशासन ने कहा कि लगातार बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव और यातायात में दिक्कतों की आशंका है, ऐसे में बच्चों का स्कूल जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है.