आज रात ट्रंप करने वाले है सबसे बडा ऐलान! पूरी दुनिया अटकलों में डूबी, इस बार…

दुनिया की हर मामले में अपना दखल देने वाले डोनाल्ड ट्रंप कहा हैं? उनकी तबीयत खराब है या वो एकदम ठीक हैं. ट्रंप की सलामती को लेकर चल रही अफवाहों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज ​​रात एक घोषणा कर सकते हैं, जिससे वाशिंगटन और इंटरनेट पर अटकलों का बाज़ार गर्म हो गया है. पिछले हफ्ते तमाम सार्वजनिक मंचों से डोनाल्ड ट्रंप की अनुपस्थिति के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर अफवाहें फिर से तेज हो गई हैं, जिसके बाद तरह-तरह की अटकलें तेज़ हो गई हैं, जिनमें कुछ अजीबोगरीब, तो कुछ राजनीतिक साजिशों से भरी हुई हैं.

डोनाल्ड ट्रंप कहां हैं?
79 वर्षीय अमेरिकी राष्ट्रपति 25 अगस्त को कैबिनेट बैठक के बाद कई दिनों तक सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे, जिसके दौरान उनके चोटिल हाथ की एक तस्वीर वायरल हुई थी. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने तुरंत इस चोट का कारण डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘हर दिन, पूरे दिन हाथ मिलाना’ बताया, लेकिन इस स्पष्टीकरण से अटकलों पर कोई खास असर नहीं पड़ा. जल्द ही, #’ट्रंप इज डेड और #ट्रंप कहां है? जैसे हैशटैग एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर ट्रेंड करने लगे. सियासी बतोलेबाजों ने तो यहां तक दावा कर दिया कि 30 अगस्त को वर्जीनिया गोल्फ क्लब में डोनाल्ड ट्रंप का दिखना उनके बॉडी डबल जैसा था, और इस बात का सबूत मानने से इनकार कर दिया कि वह जीवित और सक्रिय हैं.

क्या डोनाल्ड ट्रंप पद छोड़ रहे हैं?
सबसे नाटकीय सिद्धांतों में सबसे कम विश्वसनीय यही है लेकिन उसकी चर्चा पहले करते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा दे सकते हैं. इस चर्चा को और हवा X पर की गई तमाम टिप्पणियों से मिली, जिसमें कहा गया था कि ‘प्रोजेक्ट 2025’ रिपब्लिकन योजना के अनुरूप, 2026 के मध्यावधि चुनावों से पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को प्रमोट किया जा सकता है. 48 घंटे पहले ही वेंस ने कहा था कि वो अमेरिका राष्ट्रपति का पद संभाल सकते हैं लेकिन… उनके पूरे बयान पर कई प्रतिक्रियाएं मिल रही थीं. अब अगर ट्रंप सही और सलामत हैं तो ये थ्योरी खत्म हो जाती है, यानी निल बटे सन्नाटा. इस थ्योरी को तमाम लोग खारिज कर रहे हैं.

क्या डोनाल्ड ट्रंप और टैरिफ की घोषणा करेंगे?
हालांकि ट्रंप के राष्ट के नाम संदेश की तमाम अटकलें ट्रंप के बढ़ते टैरिफ युद्ध के नेक्स्ट लेवल में जाने से जुड़ी हैं. ट्रंप प्रशासन द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाने के बाद भारत के साथ संबंध विशेष रूप से तनावपूर्ण हो गए हैं, जिसमें रूस के साथ नई दिल्ली के तेल व्यापार पर 25% जुर्माना भी शामिल है.

ट्रुथ सोशल पर, डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार समीकरण को ‘एकतरफा आपदा’ करार देते हुए संकेत दिया कि भारत ने टैरिफ को 0 करने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने आगे कहा, अब देर हो रही है.’ एसोसिएटेड प्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप अब आयातित दवाओं को निशाना बना सकते हैं, जिन पर 200% तक के शुल्क लगाने पर विचार किया जा रहा है.

क्या यूक्रेन शांति समझौते की संभावना है?
एक और थ्योरी ट्रंप की इस घोषणा को रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनकी अलास्का बैठक से जोड़ती है. तमाम नेटिजंस का मानना ​​है कि वो रूस-यूक्रेन शांति समझौते की दिशा में किए गए अपने नए प्रयासों का प्रचार यानी विज्ञापन/ मार्केटिंग कर सकते हैं. हालांकि रूस और यूक्रेन दोनों ओर से मिसाइल हमलों में तेजी आने के साथ ट्रंप द्वारा शांति स्थापित करने का विचार दूर की कौड़ी लगता है, लेकिन इसने ऑनलाइन अटकलों के खेल को और तेज कर दिया है.

शिकागो, सोना और और कुछ…
कुछ और काल्पनिक चर्चाओं में ट्रंप द्वारा शिकागो में स्टेट को कमदोर करके संघीय शासन को मजबूती देने की बात कही जा रही है, यानी ट्रंप शिकागो में नेशनल गार्ड तैनाती का ऐलान कर सकते हैं. इस थ्योरी का बेस ये है कि कुछ दिन पहले इलिनॉय में उन्होंने मनमाना एक्शन लिया था और शिकागो की जनता का मसीहा बनने का ऐलान करते हुए उनके दुख और संकट दूर करने का दावा किया था.

ट्रोल हो रहे ट्रंप

ऐसी तमाम थ्योरी के इतर तमाम लोग उनकी मौज लेते हुए कहा रहे हैं कि टेंशन न लो वो स्टैच्यू ऑफ़ लिबर्टी को चमकाने की नई स्कीम का ऐलान कर सकते हैं, हालांकि ये तमाम अटकलें आज रात तब खत्म होंगी जब ट्रंप खुद मंच पर आएंगे. तब तक, इंटरनेट पर अटकलों का दौर जारी रहेगा.