Prithviraj Chavan Comment On PM Modi: अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद अब भारत में कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण की टिप्पणी सामने आई है. उन्होंने पूछा कि क्या वेनेजुएला के साथ जो हुआ वही भारत के साथ भी हो सकता है? उनकी इस टिप्पणी को लेकर अब सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के रिएक्शंस दे रहे हैं. इंटरनेट पर लोग उनके इस कमेंट का उपहास उड़ा रहे हैं. वहीं भाजपा ने कांग्रेस नेता के इस बयान पर पलटवार किया है.
पीएम मोदी पर टिप्पणी
पृथ्वीराज चव्हाण ने वेनेजुएला में रात के समय हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए एक सवाल पूछा,’ क्या वेनेजुएला में जो हुआ, वैसा ही भारत में भी होगा? क्या मिस्टर ट्रंप हमारे प्रधानमंत्री को किडनैप करेंगे?’ कांग्रेस नेता के इस बयान पर जम्मू-कश्मीर के शीर्ष पुलिस अधिकारी एसपी वैद ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए अपमानजनक था. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उनकी इस टिप्पणी को ब्रेन डेड, मूर्ख और अनपढ़ जैसे शब्दों से संबोधित किया.
टैरिफ को लेकर किया हमला
अपने लंबे करियर के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के तौर पर पदं संभाल चुके चव्हाण ने भारत पर अमेरिका की ओर से लगाए गए भारी टैरिफ को लेकर पीएम मोदी पर हमला किया. उन्होंने अपनी बात वहीं से आगे बढ़ाई जहां खरगे ने छोड़ा था. उन्होंने कहा,’ 50 फीसदी टैरिफ के साथ बिजनेस बिल्कुल संभव नहीं है. असल में यह भारत-अमेरिका ट्रेड, विशेष रूप से भारत से अमेरिका को होने वाले एक्सपोर्ट को ब्लॉक करने के बराबर है. क्योंकि डायरेक्ट बैन नहीं लगाया जा सकता, इसलिए व्यापार रोकने के लिए टैरिफ का इस्तेमाल किया गया है. भारत को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.’ उन्होंने आगे कहा,’ अमेरिका को निर्यात से हमारे लोगों को जो मुनाफा पहले मिलता था वह अब नहीं मिलेगा. हमें वैकल्पिक बाजारों की तलाश करनी होगी और इस दिशा में प्रयास पहले से ही जारी हैं.’ इसके बाद उन्होंने सवाल उठाते हुए आगे कहा,’ क्या होगा अगर ट्रंप ने भारत के साथ भी वही किया जो उन्होंने वेनेजुएला के साथ किया था?’
टिप्पणी पर भड़के पुलिस ऑफिसर
नेता की इस टिप्पणी पर एसपी वैद ने कहा,’ यह सोचना कि ट्रंप ने वेनेजुएला और मादुरो के साथ जो किया. वही पीएम मोदी के साथ भी होना चाहिए, पूरे देश के लिए शर्मनाक है. कम से कम बोलने से पहले सोच तो लीजिए पृथ्वीराज चव्हाण. या क्या अब कांग्रेस की असली विचारधारा खुलकर सामने आ रही है?’ बता दें कि चव्हाण की यह टिप्पणी खरगे की ओर से पीएम मोदी पर ट्रंप की एक टिप्पणी के संदर्भ में हमला करने के एक दिन बाद आई है, इस बार यह टिप्पणी ऑपरेशन सिंदूर पर नहीं बल्कि भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद पर थी.
भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर पलटवार करते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’पर एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा,’ कांग्रेस हर दिन नई गिरावट पर जा रही है. कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण का भारत की तुलना वेनेजुएला से करना शर्मनाक है. वेनेजुएला में जो हुआ, क्या वह भारत में हो सकता है? जैसा सवाल उठाकर कांग्रेस अपनी एंटी इंडिया धी सोच उजागर कर रही है. राहुल गांधी भारत में अराजकता चाहते हैं और देश के मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं.’