नई दिल्लीः दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद तनाव की स्थिति है। इसी बीच, पत्थरबाजी की घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।। इससे पहले करीब 10 लोगों को भी हिरासत में लिया गया था। पुलिस के अनुसार, हिंसा तब भड़की जब MCD के अधिकारी, पुलिसकर्मियों के साथ, कोर्ट के आदेश के बाद अवैध कब्जों को हटाने के लिए JCB मशीनों के साथ पहुंचे। आरोप है कि लगभग 25-30 लोगों ने पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों पर पत्थर फेंके, जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। ऑनलाइन सर्कुलेट हो रहे वीडियो में पत्थर फेंकने वाले लोग घटना के दौरान धार्मिक नारे लगाते दिख रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) निधिन वलसन ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होने के बाद लगभग 150 लोग मौके पर जमा हो गए थे।
मस्जिद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तुर्कमान गेट के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, जहां देर रात एमसीडी ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। पत्थरबाजी की घटना के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अभी सीसीटीवी फुटेज और बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग की मदद से पत्थर फेंकने वालों की पहचान की जा रही है।
कुछ लोग वापस आए और पत्थरबाजी करने लगे
डीसीपी निधिन वालसन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत हुई थी। उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश दिखाए गए थे, जिसके बाद काफी संख्या में लोग लौट गए। लेकिन कुछ लोग वापस लौटकर आए और उन्होंने पथराव किया।
डिमोलिशन का लगभग 85% काम पूरा
बुलडोजर एक्शन पर डिप्टी कमिश्नर विवेक अग्रवाल ने कहा कि डिमोलिशन का लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। एक छोटा सा स्ट्रक्चर बाकी है। इसे रात में भी गिराया जा सकता है, लेकिन बहुत सारा मलबा जमा हो गया है, जिससे हमारी मशीनें उस जगह तक नहीं पहुंच पा रही थीं। एक बार जब मलबा हटा दिया जाएगा, तो बचा हुआ स्ट्रक्चर भी हटा दिया जाएगा।