बिजनेसमैन और पत्रकार राणा प्रताप बैरागी कौन थे? बांग्लादेश में एक और हिंदू की गोली मारकर हत्या

बांग्लादेश के जशोर क्षेत्र में सोमवार शाम 38 वर्षीय हिंदू व्यवसायी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह एक स्थानीय अखबार के कार्यकारी संपादक भी थे। हमलावरों ने उनके सिर में कई गोलियां मारीं और घटना के तुरंत बाद फरार हो गए। यह साफ नहीं है कि हत्या में कोई सांप्रदायिक एंगल था या नहीं, लेकिन यह घटना मुस्लिम बहुल देश में हिंदुओं के खिलाफ कई अपराधों के बीच में हुई है। पिछले तीन सप्ताह में बांग्लादेश के हिंदू समुदाय के 5 लोग अलग-अलग हिंसक घटनाओं में मारे गए हैं।

मृतक की पहचान राणा प्रताप बैरागी के रूप में हुई है। स्थानीय अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। बैरागी जशोर में केशबपुर उपजिला के अरुआ गांव के निवासी थे। वह मोनिरामपुर के कोपालिया बाजार में बर्फ बनाने की फैक्ट्री के मालिक थे। बैरागी नराइल से प्रकाशित स्थानीय अखबार ‘दैनिक बीडी खबर’ के कार्यकारी संपादक भी थे। बिजनेसमैन के खिलाफ अभय नगर पुलिस स्टेशन में एक मामला और केशबपुर पुलिस स्टेशन में 3 मामले पहले से दर्ज थे। सीनियर पुलिस अधिकारियों की ओर से यह जानकारी दी गई।

बाइक सवार तीन हमलावर आए और…
रिपोर्ट के मुताबिक, राणा प्रताप बैरागी सोमवार को कोपालिया बाजार में अपनी बर्फ फैक्ट्री में थे, जब शाम करीब 5:45 बजे तीन हमलावर मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने उन्हें फैक्ट्री से बाहर बुलाया और बाजार के पश्चिमी हिस्से में एक गली में ले गए। हमलावरों ने पास से उनके सिर में गोली मारी और तुरंत क्षेत्र से फरार हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी के तुरंत बाद कोपालिया बाजार और आसपास के क्षेत्रों में डर और घबराहट फैल गई। मोनिरामपुर पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज मोहम्मद रजीउल्लाह खान ने कहा कि हत्या का मकसद अभी साफ नहीं है। इसमें शामिल लोगों की पहचान करने और मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए जांच चल रही है।