नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को भी यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मॉनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट, निगम बोध घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट समेत शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस के स्वामीनारायण मंदिर परिसर में 5 फीट तक पानी भर गया था।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यमुना का पानी घुस गया है। आगरा में ताज महल की बाउंड्री तक यमुना का पानी पहुंच गया है। इसके पीछे बना पार्क डूब गया है। शुक्रवार को शहर में तेज बारिश से 50 से ज्यादा सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया। इससे बाइक-कार डूब गईं।
उत्तराखंड में शनिवार से चार धाम यात्रा फिर से शुरू हो गई है। सरकार ने खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण 1 से 5 सितंबर के बीच यात्रा रोकी दी थी। आज से चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया है।
अन्य राज्यों में बारिश के हालात…
पंजाब: 23 जिलों के 1900 गांव लगभग 12 दिनों से बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 3.84 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य में अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 1.72 लाख हेक्टेयर में लगी फसल बर्बाद हो गई है। पंजाब में अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट नहीं है। इससे बाढ़ से राहत की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर: लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग और सिंथन रोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं। कठुआ से कश्मीर तक करीब 3700 से ज्यादा वाहन फंस गए हैं। श्रीनगर और बडगाम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा लगातार 11 दिन से बंद है। 26 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
गुजरात: सूरत और वडोदरा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नर्मदा और किम नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार के भागलपुर में बाढ़ में बहे 3 बच्चे, 2 की मौत
बिहार के भागलपुर में शनिवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान अजमेरीपुर गांव के राजा (12) और रबल कुमार(13) के तौर पर हुई है। घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के रत्तीपुर बैरिया पंचायत की है।
जयपुर में 4 मंजिला हवेली ढही, दो लोगों की मौत; 5 घायल
जयपुर में शुक्रवार रात करीब 12 बजे 4 मंजिला जर्जर हवेली भरभराकर ढह गई। मलबे में 7 लोग दब गए थे, सभी को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो बच्चों समेत 5 घायलों को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को X पर बताया कि मलबे के कारण बंद पड़े NH-244 को यातायात के लिए खोल दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में थाथरी कठवा सड़क एक सप्ताह से लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ी थी। इसके खुलने से 15,000 से ज्यादा लोगों को राहत मिली है।
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन अब तक 360 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में मरने वालों की संख्या 360 तक पहुंच गई है। इसमें 197 लोगों की मौत बारिश, बाढ़ या लैंडस्लाइड और 163 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई।
SDMA ने शनिवार को अपनी सुबह की रिपोर्ट में बताया कि राज्य में तीन राष्ट्रीय नेशनल हाईवे (NH-03, NH-305, और NH-505) सहित 1,001 सड़कें बादल फटने, लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ के कारण बंद हैं।
पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश के कारण कई जिलों में सड़कें फिर से बंद हो गई हैं। कुल्लू में 225, मंडी में 205, शिमला में 212 और चंबा में 166 सड़कें सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
शुक्रवार को नर्मदा डैम के 23 गेट सीजन में पहली बार खोले गए थे।
गुजरात में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जामनगर, राजकोट, बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली में रेड अलर्ट है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वडोदरा जिले के सभी स्कूलों में शनिवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।
5 सितंबर को सीजन में पहली बार सरदार सरोवर नर्मदा डैम के 23 गेट 2.50 मीटर तक खोले गए थे। पानी छोड़े जाने से नर्मदा का रौद्र रूप देखने को मिला। चाणोद स्थित मल्हार राव घाट की 95 सीढ़ियां नर्मदा के पानी में डूब गईं। शनिवार को 23 में से 8 गेट बंद कर दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात हैं। भोपाल में शनिवार को भदभदा डैम के गेट सीजन में पहली बार खुले हैं। शनिवार सुबह 10.35 बजे बांध के दो गेट खोल दिए गए। पानी निकासी के बाद इनमें से एक गेट बंद कर दिया गया है। फिलहाल, कुल 11 में से एक गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
वैष्णो देवी यात्रा लगातार 12वें दिन भी स्थगित
जम्मू-कश्मीर के कटरा में भारी बारिश के कारण वैष्णो देवी यात्रा शनिवार को लगातार 12वें दिन स्थगित है। वैष्णो देवी मार्ग पर 26 अगस्त को लैंडस्लाइड होने के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई थी। कटरा जाने वाली ट्रेनें अभी भी कैंसिल हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से यात्रा शुरू होने को लेकर कोई ताजा अपडेट सामने नहीं आया है।