नई दिल्ली: अमेरिकी शेयर मार्केट में शुक्रवार को हाहाकार मच गया। टेक शेयरों पर भारी दबाव देखा गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के बढ़े हुए वैल्यूएशन को लेकर निवेशक सतर्क हो गए हैं। सेमीकंडक्टर दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। इससे एक दिन में निवेशकों के 1.3 ट्रिलियन डॉलर (करीब 124 लाख करोड़ रुपये) स्वाहा हो गए। सोमवार को भारतीय बाजार में भी इसका असर दिखाई दे सकता है।
सबसे ज्यादा मार चिप सेक्टर पर पड़ी, जहां PHLX सेमीकंडक्टर इंडेक्स (SOX) 10.3% तक टूट गया। मार्च 2020 के बाद से इस इंडेक्स में यह एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। गिरावट का यह सिलसिला एक दिन पहले तब शुरू हुआ था, जब ब्रॉडकॉम के तिमाही नतीजे उसके कस्टम AI चिप बिजनेस के लिए बाजार की ऊंची उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। इस गिरावट ने अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड चिप निर्माताओं की मार्केट वैल्यू से लगभग 1.3 ट्रिलियन डॉलर साफ कर दिए।
चिप जगत में कौन कितना टूटा?
एनवीडिया: करीब 6% टूटा, जिससे इसकी मार्केट कैप में 300 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आई।
माइक्रोन टेक्नोलॉजी: 13% की भारी गिरावट दर्ज की गई।
मार्वेल टेक्नोलॉजी: सबसे ज्यादा 17% तक गोता लगा गया।
एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस: करीब 11% नीचे बंद हुआ।
ब्रॉडकॉम: इस कंपनी का शेयर 7.9% गिरा, जिससे दो सत्रों की इसकी कुल गिरावट लगभग 20% तक पहुंच गई।