पटनाः बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आज यानी 24 अप्रैल को विधानसभा में अपनी ताकत दिखाएगी. मुख्यमंत्री सदन में विश्वास मत (फ्लोर टेस्ट) पेश करेंगे, जिससे यह आधिकारिक तौर पर साफ हो जाएगा कि सरकार के पास बहुमत है या नहीं. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू करने का समय तय किया है. सचिवालय की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, सबसे पहले स्पीकर का संबोधन होगा और उसके ठीक बाद मुख्यमंत्री अपना प्रस्ताव रखेंगे.
फ्लोर टेस्ट को लेकर News18 पर लाइव अपडेट जारी है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्यपाल से करेंगे मुलाकात
बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने विश्वास मत हासिल कर बहुमत साबित कर दिया. मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सदन पहुंचे सम्राट चौधरी का जोरदार स्वागत हुआ. वहीं, बहुमत साबित करने के बाद मुख्यमंत्री आज शाम 5 बजे राज्यपाल से औपचारिक मुलाकात करेंगे और सरकार गठन के बाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे.
नारी शक्ति वंदन बिल पर बिहार विधानसभा में निंदा प्रस्ताव पारित
बिहार विधानसभा में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने नारी शक्ति वंदन बिल लोकसभा में पारित न होने को लेकर निंदा प्रस्ताव पेश किया. सत्ता पक्ष की ओर से लाए गए इस प्रस्ताव को सदन ने पारित कर दिया. चर्चा के दौरान विपक्ष ने विरोध जताते हुए वॉकआउट किया, लेकिन विपक्ष के वॉकआउट के बीच निदा प्रस्ताव पास हो गया. सरकार ने इसे महिलाओं के अधिकारों और प्रतिनिधित्व से जुड़ा अहम मुद्दा बताया, जबकि विपक्ष ने प्रक्रिया पर सवाल उठाए.
CM सम्राट चौधरी ने सदन में हासिल किया विश्वास मत
बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने विश्वास मत हासिल कर बहुमत साबित कर दिया. ध्वनि मत के जरिए हुए फ्लोर टेस्ट में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायकों ने एकजुट होकर सरकार के पक्ष में मतदान किया, जिससे प्रस्ताव आसानी से पारित हो गया. मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार सदन पहुंचे, जहां एनडीए विधायकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.
सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, 5 लाख करोड़ निवेश का प्लान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में रोजगार, महिला सशक्तिकरण और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है. मुख्यमंत्री ने बताया कि नीतीश कुमार द्वारा 2006 में पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 50% आरक्षण देने का फैसला ऐतिहासिक था, जिसका परिणाम है कि आज नगर निकाय और पंचायतों में करीब 59% महिलाएं निर्वाचित होकर आ रही हैं. सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति गलत नजर उठाने वालों के खिलाफ बिहार पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी. उन्होंने घोषणा की कि ब्लॉक, अंचल और थाना स्तर की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) करेगा, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो सके. मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य में 1.36 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश आया है और अगले एक साल में इसे बढ़ाकर 5 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने विपक्ष के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने कहा कि अच्छी चीजों में हम समर्थन देंगे.अच्छी बात है हम भी चाहेंगे और देखेंगे कि उनका समर्थन मिले. वहीं नीतीश को लेकर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को कोई नहीं हटा सकता. नीतीश कुमार को ना राजनीति से और ना दिल से कोई हटा सकता है. नीतीश कुमार इच्छा शक्ति वाले नेता हैं.
सम्राट चौधरी ने लालू पर साधा निशाना, अत्याचार नहीं होता तो..
बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सत्ता किसी की ‘पाठशाला’ या बपौती नहीं, बल्कि 14 करोड़ बिहारियों के आशीर्वाद से मिली जिम्मेदारी है. उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार के 22 सदस्यों को जबरन जेल में डाला गया था, लेकिन उन्होंने निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की. सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा में यदि लालू यादव का अत्याचार नहीं होता तो मैं बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनता. उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकतंत्र में कोई किसी का उत्तराधिकारी नहीं होता. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां देकर आगे बढ़ाया. मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि लालू जी युवा मुख्यमंत्री हुए लेकिन वह बिहार को लूटने में लग गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार एकजुट है और बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
‘ट्रिपल सी’ से समझौता नहीं करेंगे सीएम सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में अपने संबोधन में नीतीश कुमार, अमित शाह, नितिन नवीन सहित एनडीए के सभी नेताओं और विधायकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि एनडीए हमेशा किसानों और गरीबों के हित में काम करता रहा है. बिहार में सुशासन स्थापित करने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर देना और शराबबंदी लागू करना ऐतिहासिक फैसले रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार बिहार को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और ‘ट्रिपल सी’ (क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म) पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा’
विश्वास मत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का समर्थन
बिहार विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राजू तिवारी ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से सरकार का समर्थन किया. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘पाठशाला’ की बात करते हैं, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही उन्हें दो बार उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला. राजू तिवारी ने कहा कि बिहार अब नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर आगे बढ़ते हुए विकास की राह पर है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के मुद्दे पर राजनीति करता है, जबकि चुनाव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर एनडीए प्रत्याशियों का समर्थन किया. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन के बड़े नेता कितना गंदा बयान देते हैं लेकिन इन्हें शर्म नहीं आती है. विधायक ने आगे कहा कि विपक्ष सत्ता हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है, लेकिन जनता का समर्थन उनके साथ नहीं है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में विपक्ष दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाएगा, जबकि एनडीए को जनता का भरोसा लगातार मिल रहा है.
जाति गणना और महिला आरक्षण पर सदन में बोले विजय चौधरी
बिहार विधानसभा में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण, जाति गणना और शराबबंदी कानून पर सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि देशभर में महिलाओं के आरक्षण की जो चर्चा हो रही है, उसका श्रेय नीतीश कुमार को जाता है, जिन्होंने इसकी नींव रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिशों को विपक्ष ने पहले बाधित किया. विजय चौधरी ने जाति गणना का जिक्र करते हुए कहा कि इसे सभी दलों के सहयोग से शुरू किया गया था, जिसमें राजद का भी समर्थन रहा. वहीं शराबबंदी कानून पर उन्होंने कहा कि यह सामूहिक निर्णय था और इसे गलत तरीके से ‘शराबबंदी’ कहकर बदनाम किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कानून के तहत शराब पीना और बेचना अपराध है, जैसे अन्य अपराधों को रोकने के लिए कानून बनाए जाते हैं. उपमुख्यमंत्री ने सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने इस कानून को आगे भी जारी रखने की घोषणा कर दी है, जिससे सरकार की प्रतिबद्धता साफ होती है.
नीतीश को याद कर भावुक हुए विजय चौधरी, कहा-‘दीपक दूर खिसक गया’
बिहार विधानसभा में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने अपने संबोधन में एनडीए सरकार की निरंतरता और जनसमर्थन को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना है, जो दर्शाता है कि पीढ़ियां बदलने के बावजूद जनता का विश्वास एनडीए पर कायम है. उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने के लिए जनता का भरोसा जीतना जरूरी है. विजय चौधरी ने नीतीश कुमार को याद किया और कहा कि आज हमें सदन में एक खालीपन महसूस हो रहा है. उन्होंने सदन में नीतीश कुमार की अनुपस्थिति को ‘एक दीपक के दूर हो जाने’ जैसा बताया. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही आगे बढ़ेगी. हम लोग नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मिलकर नीतीश कुमार के सपनों का बिहार बनाएंगे. साथ ही उन्होंने भाजपा की उदारता का उल्लेख करते हुए कहा कि कम संख्या होने के बावजूद जेडीयू को नेतृत्व दिया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हस्तांतरण की सहज प्रक्रिया को विपक्ष अनावश्यक रूप से विवादित बनाने की कोशिश कर रहा है.
बिहार पर बढ़ते कर्ज को लेकर तेजस्वी ने किया सवाल
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने नीति आयोग का हवाला देते हुए कहा कि बिहार सबसे पिछड़े राज्यों में है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया गया और बाद में 12 हजार करोड़ का अतिरिक्त लोन लिया गया, जिससे कुल कर्ज 4 लाख करोड़ तक पहुंच गया है. तेजस्वी ने कहा कि खाली खजाने में विकास संभव नहीं. उन्होंने विपक्ष की राय लेने, महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा देने और विशेष पैकेज के लिए केंद्र से मिलने की भी मांग की.
विधानसभा में गरजे तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टीपहले ही अपना मुख्यमंत्री तय कर लेती, तो विशेष सत्र की जरूरत ही नहीं पड़ती. उन्होंने दावा किया कि जेडीयू के ‘फिर से नीतीश’ के नारे के बावजूद भाजपा ने नीतीश कुमार को पद पर बने रहने नहीं दिया. तेजस्वी ने बिहार को ‘अजूबा स्टेट’ बताते हुए कहा कि 5 साल में 5 सरकारें बनना एनडीए की अस्थिरता को दर्शाता है. उन्होंने सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हुए तंज कसा कि वे ‘लालू जी की पाठशाला’ से निकले हैं. साथ ही विजय सिन्हा और अन्य नेताओं पर भी कटाक्ष किया. साथ