बिहार में एक करोड़ नया राशन कार्ड बनेगा, CM सम्राट चौधरी ने की बैठक, पढ़ें काम की खबर

बिहार में एक करोड़ नया राशिन कार्ड बनेगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) ने गुरुवार (09 जुलाई, 2026) लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ विभागीय योजनाओं एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान नए राशन कार्ड पर भी चर्चा हुई.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं के लाभार्थियों का व्यापक एवं अपडेट डेटाबेस तैयार हो ताकि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंच सके. उन्होंने एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.

स्मार्ट वेयरहाउस विकसित करने पर जोर
बैठक के दौरान सम्राट चौधीर ने बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सराया. इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया. बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के सफल क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट वेयरहाउस विकसित करने पर जोर दिया. साथ ही ‘सार्थक PDS’ मॉडल, उसके विभिन्न मॉड्यूल, तकनीकी संरचना एवं लागत साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई.

अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सम्मानपूर्वक एवं बिना किसी बाधा के खाद्यान्न उपलब्ध हो सके.

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राज्य के सभी खाद्यान्न गोदामों (वेयरहाउस) की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित हो. उन्होंने सभी खाद्यान्न गोदामों में विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया.

सीएम सम्राट ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र सरकार के जो सुझाव मिले हैं उसके आलोक में विभाग समन्वय बनाकर तेजी से लक्ष्य को प्राप्त करें. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के बिहार आकर योजनाओं की समीक्षा करने और राज्य की तरक्की के लिए जो सहयोग का आश्वासन उन्होंने दिया उसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका आभार जताया.