पटना : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गांधी घाट पर नहाने के दौरान 6 लोग गंगा नदी में डूब गए, जिनमें तीन की मौत हो गई, एक किशोर अब भी लापता है. जबकि दो को नाविकों ने बचा लिया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के गांधी घाट की है.
तीन लोगों की डूबने से मौत : मृतकों की पहचान कदमकुआं दरियापुर निवासी चंदन कुमार (35), अमित (15) और समर के रूप में हुई है. वहीं 17 वर्षीय जॉय अब भी लापता बताया जा रहा है. अमित, जॉय और समर कंकड़बाग स्थित आरएलएमएस कॉलोनी के रहने वाले थे और नौवीं कक्षा के छात्र थे. अमित और जॉय आपस में चचेरे भाई थे, जबकि समर उनका दोस्त था.
गंगा में डूबने से मौत
”जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा लगातार लोगों को गंगा में ज्यादा पानी में प्रवेश करने से मना किया जाता है, लेकिन लोग नजर अंदाज कर चले जाते हैं. घटना हुई है जिसमें बच्चों को पटना के पीएमसीएच पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. वही एक बच्चे की तलाश एसडीआरएफ की टीम के द्वारा किया जा रहा है.”- प्रदीप कुमार, मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए : बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह सभी गांधी घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बच्चों को बचाने के लिए चंदन कुमार नदी में कूद पड़े, लेकिन वे भी पानी के बीच बने दलदल में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके. देखते ही देखते चारों पानी में समा गए.
नाविकों ने दो की जान बचायी : घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. स्थानीय लोगों और नाविकों ने बचाव का प्रयास शुरू किया. मौके पर मौजूद नाविक विक्रम ने बताया कि लोगों को डूबता देख वह और उसका बड़ा भाई तुरंत गंगा में कूद गए. उन्होंने दो लोगों को जिंदा बचा लिया, जबकि तीन शवों को बाहर निकाला.
”एक को बांस के सहारे और दूसरे को रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया, लेकिन चार लोग डूब चुके थे. बाद में तीन शवों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक किशोर अब भी लापता है. एसडीआरएफ की टीम लगातार लापता किशोर की तलाश में जुटी हुई है.”- विक्रम, स्थानीय नाविक
घटना के बाद गांधी घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. मृतक अमित के पिता रंजीत कुमार ने बताया कि उनका बेटा, भतीजा जॉय और उनका दोस्त सुबह बिना बताए साइकिल से घर से निकले थे. कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिली.
”मेरे बेटे अमित को नदी में जाने से डर लगता था, लेकिन उसके दोस्तों ने उसे पानी में जाने के लिए कहा था. प्रशासन से अपील है कि लापता जॉय की जल्द-से-जल्द तलाश की जाए.”- रंजीत कुमार, मृतक अमित के पिता
लापता किशोर की तलाश है जारी : स्थानीय निवासी बिरजू ने बताया कि सभी लड़के नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उन्हें बचाने के लिए एक युवक ने छलांग लगाई, लेकिन वह भी पानी में डूब गया. घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि एसडीआरएफ की टीम लापता किशोर की तलाश कर रही है.
DM ने मामले में क्या कहा? : पटना जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि गंगा नदी के गांधी घाट पर आज सुबह लगभग 9 बजे 5 युवकों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई. जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गयी तथा प्रतिनियुक्त नाविकों एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा 2 युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया. शेष 3 (तीन) युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया.
”शवों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए इनके परिवार को सौंपा जा रहा है. अंचल अधिकारी, पटना सदर एवं अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर को निर्धारित प्रावधानों के आलोक में प्रभावित परिवारों को त्वरित गति से हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है.”- त्यागराजन एसएम, जिलाधिकारी, पटना