मधुबनी; मधुबनी में बीते बुधवार को डूबने से पांच बच्चों की मौत हो गई. घटना बिस्फी प्रखंड के पतौना थाना के खेरवार गांव की है. दोपहर करीब दो बजे के आसपास यह घटना हुई थी. स्नान के दौरान छह बच्चे डूबे जिनमें से एक बच्चे की जान बच सकी.
मृतकों में तीन लड़कियां और दो लड़के हैं. घटना के बाद प्रशासन की ओर से परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गई. पांच बच्चों की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. परिजनों में कोहराम मचा है.
बताया जाता है कि जब बच्चे डूब रहे थे शोर सुनकर मदद के लिए जब तक लोग पहुंचे तब तक देर हो गई थी. आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और बच्चों को पानी से निकाला गया. आनन-फानन में सभी बच्चों को एंबुलेंस से पीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में कौन-कौन शामिल?
मृतकों में दिनेश पंडित और किरण कुमारी का एक बेटा प्रशांत कुमार और बेटी रिंकी कुमारी है. नुनु पंडित और मीणा कुमारी की पुत्री स्नेहा कुमारी, ललित पंडित और रेनू देवी की पुत्री सलोनी कुमारी एवं छोटे पंडित और अनीता देवी का एक पुत्र अभिषेक कुमार पंडित है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही बिस्फी थानाध्यक्ष, बीडीओ और सीओ भी पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद मधुबनी के डीएम ने अपर समाहर्ता (आपदा), जिला आपदा प्रभारी पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपट्टी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जिला प्रशासन ने मृत पांचों बच्चों के निकटतम परिजनों के बीच आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के अनुसार तत्काल अनुग्रह राहत के रूप में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का वितरण किया. बताया जा रहा है कि घटना जेसीबी से बने गड्ढे में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण हुई है. इधर घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस के लेट पहुंचने से आक्रोशित दिखे.