पटना: पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर में शुक्रवार (30 जनवरी) को जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मृतक का बेटा घायल हो गया. मृतकों में एक महिला राजवंदी देवी और एक राहगीर राजदेव शामिल हैं. वहीं घायल की पहचान रंजन कुमार के रूप में की गई है. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
7 इंच जमीन को लेकर विवाद
मृतका के पति ने बताया कि भाई राजकुमार यादव के बीच पिछले कई वर्षों से 7 इंच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. शुक्रवार को यह विवाद अचानक फिर से भड़क उठा. पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि एक भाई के बेटे की ओर से अचानक गोली चला दी. फायरिंग के दौरान पास मौजूद राजनंदनी देवी और राहगीर राजदेव को गोली लग गई. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों कि मौत हो गई. वहीं रंजन कुमार भी गोली लगने से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने की इलाके की घेराबंदी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. वही, सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर एक खोखा, दो पिस्टल, एक तलवार सहित कई अहम सबूत बरामद किए हैं. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. फतुहा थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि मामले में मृतका के परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी दोषी पुलिस की गिरफ्त में होंगे. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.