बिहार चुनाव में ड्यूटी के लिए जा रहे ITBP जवानों की बस में लगी आग, बाल-बाल बचे सभी जवान

बिहार के हाजीपुर में चुनावी ड्यूटी के लिए जा रहे ITBP जवानों के साथ बड़ा हादसा हो गया. ITBP जवानों की बस में अचानक से आग लगने से हड़कंप मच गया. हालांकि, इस घटना में किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि आईटीबीपी जवानों की बस जब नालंदा से सीतामढ़ी लौट रहे थी, तभी बस में अचानक से आग लग गई. बस में धुआं उठते देख जवानों ने फुर्ती दिखाई और तुरंत ड्राइवर से बस को साइड में लगवाया. इसके बाद तुरंत बस से सभी जवान बाहर आए. जवानों की फुर्ती के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया.

जवानों की बस में आग को देखते ही स्थानीय लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े. लोग तुरंत अपने घरों से पानी की बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंचे और आग को बुझाने के काम जुट गए. स्थानीय लोगों और ITBP जवानों के संयुक्त प्रयास से कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इस सहयोग ने बस को पूरी तरह जलने से बचा लिया, जिसे स्थानीय लोगों ने बहादुरी का काम बताया. वहीं सूचना मिलते ही वैशाली पुलिस मौके पर पहुंची और हाजीपुर-छपरा मुख्य मार्ग पर बाधित यातायात को तत्काल बहाल कराया. बाद में, आईटीबीपी कर्मियों को दूसरी बस से सुरक्षित सीतामढ़ी के लिए रवाना किया गया.

वहीं बिहार के कैमूर जिले में चुनावी ड्यूटी से लौट रहा एक टीचर सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वे गुरुवार (06 नवंबर) को चुनाव कार्य के बाद शाम को अपने कमरे पर लौट रहे थे. इसी दौरान चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र स्थित जिलेबिया मोड़ के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी.