बिहार में नई सरकार के विज्ञापन से निकला साफ-साफ संदेश, आगे क्या करने जा रहे सम्राट, मिल गया संकेत

पटना. नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे. 21 साल से ज्यादा समय तक उन्होंने सत्ता संभाली. लेकिन, बीते 14 अप्रैल 2026 को नीतीश कुमार जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. इसके अगले ही दिन 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी जी ने शपथ ली. वे बिहार के 24वें मुख्यमंत्री और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं. बिहार की एनडीए सरकार में नेतृत्व बदलाव हुआ, यह सत्य है. नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य हैं, यह भी वास्तविक तथ्य है. लेकिन इन घटनाक्रमों के नीतीश कुमार का नाम, उनकी छवि और उनका अनुभव अभी भी बिहार की राजनीति के केंद्र में हैं. दरअसल, आज बिहार के अखबारों में जो विज्ञापन बिहार सरकार की ओर से छापा गया है यह काफी कुछ संकेत कर रहा है और बिहार की आगामी राजनीति को लेकर साफ-साफ संदेश भी दे रहा है.

बिहार की राजनीति में निरंतरता का मजबूत संदेश
बता दें कि आज (16 अप्रैल, 2026) बिहार के सभी प्रमुख अखबारों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का एक खास विज्ञापन छपा है. सबसे ऊपर एक कोने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की तस्वीर है. दूसरे कोने में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी की फोटो है. विज्ञापन पृष्ठ के केंद्र में सम्राट चौधरी की पीठ पर हाथ रखे हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की तस्वीर दिख रही है. संदेश लिखा है – माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं श्री नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में बिहार सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी तथा बिहार प्रगति समृद्धि और आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा. यानी संकेत एकदम साफ है. बिहार सरकार अब भी नीतीश मॉडल पर ही चलेगी.

सम्राट चौधरी का पहला बयान
यहां यह भी बता दें कि मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने अपने पहले ही बयान में साफ-साफ कहा था कि- बिहार मोदी-नीतीश मॉडल पर चलेगा. उन्होंने नीतीश कुमार की सुशासन की विरासत को प्रेरणा बताया, और इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जी के विकास मॉडल को भी जोड़ा.सम्राट चौधरी का यह बयान इसलिए अहम है क्योंकि सम्राट चौधरी भाजपा के नेता हैं, लेकिन वे नीतीश कुमार जी के साथ लंबे समय से काम कर रहे थे. पूर्व उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उन्होंने प्रशासन को करीब से देखा है. इसके साथ ही यह भी कि वह एनडीए के मुख्यमंत्री हैं और उनका इशारा साफ है कि सियासत में समन्वय आवश्यक है.

राजनीति के जानकारों की दष्टि में यह विज्ञापन सिर्फ तस्वीर नहीं, बल्कि साफ राजनीतिक संदेश है. सूचना विभाग ने इसे पूरे बिहार में छपवाया. इससे पता चलता है कि नई सरकार पुरानी नीतियों को बदलेगी नहीं, बल्कि उन्हें और तेजी से लागू करेगी. नीतीश कुमार जी की योजनाएं जैसे सड़क निर्माण शिक्षा स्वास्थ्य और गरीबी हटाने के कार्यक्रम जारी रहेंगे. खास तौर पर सात निश्चय पार्ट-3 जैसी अन्य योजनाएं भी बिहार के विकास के केंद्र में रहेंगी. जदयू के दो उपमुख्यमंत्री भी बने हैं, जिससे एनडीए गठबंधन की मजबूती दिखती है.

नीतीश मॉडल की विरासत
बता दें कि नीतीश कुमार ने एक ओर जहां बिहार को सड़कों बिजली और शिक्षा के मामले में काफी आगे बढ़ाया है. कानून व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुए. वर्ष 2005 से पहले की अराजकता की तस्वीर अब बदल चुकी है. ढांचागत विकास के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव जमीन पर दिख रहे हैं. सम्राट चौधरी जी भी इसी राह पर चलने का वादा कर चुके हैं. विकास कार्यों में तेजी लाने का लक्ष्य है और बिहार को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर रहेगा.

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी स्पष्ट रूप से कहा है कि नई सरकार नीतीश कुमार के मॉडल को अपनाएगी और विकास की राह को आगे बढ़ाएगी. वहीं, अब जब नीतीश मॉडल को अपनाकर यह सरकार आगे चलने वाली है तो सामने कई चुनौतियां भी हैं. बेरोजगारी युवाओं का पलायन और कृषि सुधार जैसे मुद्दे बाकी हैं. उद्योगों का विस्तार बिहार में अपेक्षित नहीं हो पाया है, ऐसे में यह सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.

जनता के लिए स्पष्ट संकेत
जानकारों की नजर में विज्ञापन से साफ है कि नीतीश कुमार जी की नीतियां ही मुख्य रहेंगी. एनडीए के अंदर सामंजस्य बरकरार रहेगा. यह विज्ञापन आम लोगों को भरोसा दिलाता है कि बिहार में अचानक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और नीतीश सरकार के दौरान की पुरानी योजनाएं नई सरकार में भी जारी रहेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का सहयोग और नीतीश कुमार का अनुभव दोनों साथ चलेंगे. ऐसे में सरकार का संदेश साफ है कि बिहार प्रगति की नई कहानी लिखने की तैयारी में है.