व्यापार के सिलसिले में आए थे बिहार, बंद कमरे में मिली पिता-पुत्र की लाश, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरपुर:: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के समीप स्थित गोस्वामी गेस्ट हाउस में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कमरे से पिता और पुत्र का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया. मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता अंतर्गत खिदिरपुर थाना क्षेत्र के पद्मापुकुर निवासी 37 वर्षीय शुभंकर साहू और उनके 15 वर्षीय पुत्र देवांशु साहू के रूप में की गई है. दोनों पिता-पुत्र कोलकाता से व्यावसाय के सिलसिले में चार दिन पहले मुजफ्फरपुर पहुंचे थे.

जानकारी के अनुसार, शुभंकर साहू अपने पुत्र के साथ व्यवसाय के सिलसिले में चार दिन पहले मुजफ्फरपुर आए थे और गोस्वामी गेस्ट हाउस की डोरमेट्री में ठहरे हुए थे. बताया जा रहा है कि वे टाइल्स के व्यवसाय से जुड़े थे और रुपये के लेन-देन के सिलसिले में शहर आए थे. एक महीने पहले भी दोनों इसी गेस्ट हाउस में ठहरे थे.

गेस्ट हाउस संचालक पंकज गोस्वामी ने बताया कि पिछले 24 घंटे से कमरा अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए. पिता और पुत्र दोनों कपड़े के सहारे फंदे से लटके हुए पाए गए.

सूचना पर अहियापुर थाना की पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस दोनों पिता-पुत्र के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है.

वहीं, पूरे मामले पर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि गेस्ट हाउस के कमरे से पिता-पुत्र का शव बरामद किया गया है. दोनों टाइल्स के व्यवसाय से जुड़े थे और पूर्व में भी इसी होटल में ठहर चुके थे. परिजनों से संपर्क हो गया है. प्रथम दृष्टया मामला आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.