भागलपुर ; भागलपुर से भलजोर (हंसडीहा) तक कुल 70 किलोमीटर बनने वाले फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए अब नए सिरे से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन सड़क जमीन अधिग्रहण के पेच में पिछले दो साल से फंसा हुआ है. जमीन अधिग्रहण की वजह से ही टेंडर नहीं खुल रहा था.
निजी जमीन का कम होगा अधिग्रहण
इसके लिए अब कम से कम निजी जमीन का अधिग्रहण होगा. निविदा भी फिर से जारी की जाएगी. जानकारी मिली है कि सड़क का संशोधित डीपीआर मुख्यालय भेज दिया गया है. अब इस डीपीआर के आधार पर ही निविदा जारी की जाएगी. हाल ही में मोर्थ के क्षेत्रीय ऑफिसर ने भागलपुर-हंसडीहा सड़क का निरीक्षण किया था.
कम होगी सड़क की चौड़ाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ जगहों में फोरलेन सड़क की चौड़ीई कम हो जाएगी. जहां 55 से 60 मीटर सड़क चौड़ी बननी थी वहां 50 से 55 मीटर ही चौड़ीकरण किया जाएगा. सर्विस लेन की चौड़ाई समेत अन्य कार्यों में भी कटौती की गई है. कम से कम जमीन अधिग्रहण होने के कारण 7 मीटर की जगह अब इसका सर्विस रोड 5.5 मीटर चौड़ा ही बनेगा.
अब जबकि सड़क की चौड़ाई कम होगी, तो इसके निर्माण की राशि भी कम हो जाएग. साथ ही जमीन अधिग्रहण की मुआवजा राशि का भी भुगतान कम करना पड़ेगा. अनुमान लगाया जा रहा है कि 35-40 करोड़ रुपये कम लगेंगे. इससे घर टूटने के साथ-साथ जमीन अधिग्रहण की राशि भी 150 करोड़ के बजाय 105 करोड़ ही खर्च करना होगा. पिछले महीने क्षेत्रीय पदाधिकारी द्वारा रोड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने इस परियोजना में शामिल कुछ योजना में कटौती और कम से कम भूमि अधिग्रहण पर बल देते हुए डीपीआर में कुछ संसोधन का निर्देश दिया था.
5.5 मीटर का होगा सर्विस रोड
बता दें कि इसके पहले चरण में अलीगंज बाईपास थाना से ढाकामोड़ तक बनने वाले फोरलेन सड़क के सर्विस लेन की चौड़ाई कम कर दी गई है. लोगों का घर नहीं टूटे और जमीन अधिग्रहण की समस्या खड़ी ना हो इसके लिए हाट पुरैनी, सांझा रजौन, पुनसिया के पास सर्विस रोड की चौड़ाई 5.5 मीटर ही रहेगी.
यहां होना था जमीन अधिग्रहण
संझा में सरकारी गैरमजरूआ सर्व साधारण रास्ता, बांध आगियाचक में भैरव स्थान, टेकानी में खंता, धौनी में नदी कतरिया, नाली, पोखर, बांध, सड़क, कटियामा में नाली, दुकान, रास्ता, बखडाबेला में बांध, रास्ता, नाला, रजौन में कच्चा व पक्का मकान, झोपड़ी, केवाड़ी में स्कूल का हाता वाले जगह समेत 10.02 एकड़ जमीन अधिग्रहण होना था, लेकिन अब कम जमीन अधिग्रहण की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
971 करोड़ होना था खर्च
वर्ष 2022 के डीपीआर के मुताबिक भागलपुर से ढाकामोड़ तक पहले चरण में बनने वाले फोरलेन सड़क के निर्माण में 971 करोड़ राशि खर्च होना था. इसके निर्माण राशि में भी करीब 50 से 60 करोड़ राशि कम होने का अनुमान है.