बिहार के मोतिहारी में एक बाइक एजेंसी में भीषण आग लग गई जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ। विजयादशमी पर बिक्री की पूरी तैयारी के बीच अगलगी से एजेंसी को करीब 4 करोड़ के नुकसान का अनुमान किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया शॉट सर्किट से आग लगने की बात बताई जा रही है। दमकल की टीम ने स्थानीय थाना और पुलिस और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आज देश भर में लोग विजयादशमी का त्योहार मना रहे हैं जबकि एजेंसी कर्मी और मालिक को गहरा धक्का लगा है।
आग में लगभग 60 बाइक स्पेयर पार्ट जलकर खाक हो गए। देर रात शॉट सर्किट से आग लगने की आशंका है। लेकिन कारणों की जांच चल रही है। विजयादशमी को लेकर कारोबार की विशेष तैयारी की गयी थी क्योंकि लोग आज के दिन गाड़ियां खरीदते हैं। बड़ी संख्या में गाड़ियां मंगवाई गई थीं। रात को लगी आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गयी लेकिन जबतक दमकल पहंची तबतक आग पूरी तरह धधक चुकी थी। आग इतनी भयावह थी कि दूर से देखी जा रही थी। आम लोग पास जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाए। दमकल टीम के कई घंटों की मेहनत के बाद बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना नगर थाना इलाके के तालिमपुर वार्ड-7 स्थित बजरंग एजेंसी की है। आस पास के लोग भी काफी डरे हुए थे।