पटना में सनसनीखेज वारदात, युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

पटना : बिहार की राजधानी पटना में सोमवार (15 दिसंबर) की शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात आलमगंज थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास हुई, जो थाना से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर है। घटना के बाद बदमाश मौके से बिना किसी रुकावट के फरार हो गए, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटनास्थल से खोखे और जिंदा कारतूस बरामद, जांच में जुटी पुलिस
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कई खाली कारतूस के खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

मृतक की पहचान अब तक नहीं, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसके आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पटना सिटी एसपी का बयान, जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
पटना सिटी के एसपी परिचय कुमार ने बताया, “15 दिसंबर की शाम आलमगंज पोस्ट ऑफिस के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।”

हत्या की वजह साफ नहीं, पहचान के बाद खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मृतक की पहचान होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वारदात आपसी रंजिश, आपराधिक विवाद या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।