पटना : राजधानी पटना से कुछ दूर फतुहा में एक से डेढ़ साल के बच्चे का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप मचा है. मामला नदी थाना क्षेत्र का है. बीते सोमवार (19 जनवरी, 2026) की शाम जब कच्ची दरगाह स्थित मजार के पीछे गंगा की तरफ जाने वाली सड़क से कटा हुआ सिर मिला तो दहशत फैल गई. तुरंत ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की.
कटा हुआ सिर देखने से लग रहा था कि कहीं और हत्या कर गंगा किनारे दफना दिया गया होगा, जिसे किसी कुत्ते ने खींच कर रोड पर लाया होगा. बच्चे का सिर देखकर लग रहा था कि किसी धारदार हथियार से अलग किया गया है. सिर के कान और बाल पर खून के धब्बे थे. चेहरे पर मिट्टी लगी हुई थी. काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस को दूर-दूर तक धड़ नहीं मिला. बच्चे का सिर मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस पूरे मामले में डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल की टीम को बुलाया गया. हम लोग छानबीन में जुटे हुए हैं. फिलहाल सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
बच्चे की जिस तरह से निर्मम हत्या की गई है उससे नरबलि की आशंका भी ग्रामीणों ने जताई है. नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि बच्चे का सिर कैसे कटा है और घटना को अंजाम कब दिया गया है. बच्चे की पहचान भी नहीं हो पाई है. पुलिस किसी बच्चे के लापता होने के बारे में छानबीन कर रही है.
हालांकि डीएसपी अवधेश कुमार ने कहा कि कल सोमवार को ही दिन में फतुहा थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा एक डेढ़ वर्ष के बच्चे का लापता होने का आवेदन दिया गया है जो 16 जनवरी से ही गायब था. हम लोग उस बिंदुओं पर भी जांच कर रहे हैं. वह मामला है या नहीं यह तो छानबीन के बाद ही पता चल पाएगा.