पटना। बिहार में कल कई जगह भारी वर्षा से लेकर अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसारा, 30 जून को राज्य के पूर्वी चंपारण, गोपालगंज एवं पश्चिमी चंपारण जिलों में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं वैशाली जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
तेज हवा और वज्रपात:
मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार, बिहार के दक्षिण-मध्य भाग के जिलों, अरवल, भोजपुर एवं बक्सर जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन व वज्रपात के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, राज्य के उत्तर-पूर्व एवं दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन व वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
बिहार के विभिन्न हिस्सों का संभावित तापमान इस प्रकार रहेगा:
उत्तर पश्चिम बिहार: अधिकतम तापमान 34-36°C और न्यूनतम 24-26°C रहने का अनुमान है।
उत्तर मध्य बिहार: अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम 26-28°C रहने का अनुमान है।
उत्तर पूर्व बिहार: अधिकतम तापमान 30-32°C और न्यूनतम 24-26°C रहने का अनुमान है।
दक्षिण पश्चिम बिहार: अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम 24-26°C रहने का अनुमान है।
दक्षिण मध्य बिहार: अधिकतम तापमान 34-36°C और न्यूनतम 26-28°C रहने का अनुमान है।
दक्षिण पूर्व बिहार: अधिकतम तापमान 34-36°C और न्यूनतम 26-28°C रहने का अनुमान है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान-
मेघगर्जन या वज्रपात के दौरान सतर्क रहें और यदि आप खुले में हैं, तो शीघ्रातिशीघ्र किसी पक्के मकान की शरण लें।
ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत संचालक वस्तुओं से दूर रहें।
तेज हवाओं के कारण अस्थायी और असुरक्षित संरचनाओं को ठीक से सुरक्षित करें अथवा उन्हें खाली कर दें।
बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
अचानक आने वाली बाढ़ की संभावना वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।