बिहार में एनकाउंटर पर अनंत सिंह ने थपथपाई सम्राट की पीठ, कहा- जो गलत करेगा वो जाएगा

पटना: बिहार में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ों पर राजनीति गरमा गई है। जेडीयू के नेताओं ने इस सही बताते हुए कहा कि जो भी लोग दोषी हैं, उन पर कार्रवाई की जाएंगी। इस मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों के जवाब देने के लिए NDA एकजुट नजर आने लगा है।

अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा: JDU
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने भी इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने बिहार में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। जो भी लोग इसमें शामिल होंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अनंत सिंह बोले- अपराधी का एनकाउंटर ही होगा
बिहार में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ों पर जेडीयू विधायक अनंत सिंह कहते हैं, ‘जो भी गलत करेगा, उसे खत्म कर दिया जाएगा। इस मामले में सरकार बहुत बढ़िया काम कर रही है। जो भी अपराधी होगा, उसका एनकाउंटर होगा। जो कुछ भी हो रहा है, वह सही है। राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है, इससे बिहार में अपराध कम होगा।’

संजय झा ने भी एनकाउंटर्स को ठहराया था जायज
हाल ही में सुल्तानगंज और छपरा एनकाउंटर पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कहा था कि जो गड़बड़ करेगा वो जाएगा। उन्होंने साफ कहा था कि ‘इसको जैसे समझिए, जिसे यहां रहना है। वह शांति से रहे। जो अशांति फैलाएंगे, वह जाएंगे। पुलिस और सरकार कार्रवाई करेगी। इसमें कहीं कोई भी शक-सुबहा की बात नहीं है। इसका सीधा संदेश समझ जाइए की बिहार में रहना है, तो शांति से रहना होगा नहीं तो जाने के लिए तैयार रहिए।’

बिहार में एनकाउंटर पर सियासत
आपको बता दें कि सुल्तानगंज में नगर परिषद के ईओ कृष्ण भूषण की हत्या का मुख्य आरोपी रामधनी यादव पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा गया था। वहीं छपरा में भाजपा के पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या करने वाले छोटू यादव को भी पुलिस ने गोली मार कर पकड़ लिया था। इन दोनों केस के बाद बिहार में विपक्ष ने एनकाउंटर को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की थी।