बिहार में फिर जहरीली शराबकांड! 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से छपरा में हड़कंप

बिहार के छपरा में संदिग्ध परिस्थिति में पांच लोगों की मौत हुई है. पहली मौत मशरक में बीते बुधवार (11 मार्च, 2026) की रात संतोष महतो की हुई. इसके बाद कल (गुरुवार, 12 मार्च, 2026) रात पानापुर में एक मौत हुई. इस तरह करीब पांच लोगों की मौतें हुई हैं. इनमें से कुछ के परिजनों ने शराब पीने की बात कही है. हालांकि प्रशासन बीमारी से मौत बता रहा है.

जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौत पानापुर में हुई है और तीन की मौत मशरक में हुई है. मरने वालों की पहचान संतोष महतो (मशरक), रघुवर महतो (मशरक), धर्मेंद्र सिंह (मशरक), सुखल नट (पानापुर) और धर्मेंद्र राय (पानापुर) के रूप में की गई है. इनमें से संतोष महतो के परिजनों ने शराब पीने की बात कही है. बाकी मरने वालों की बहुत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

संतोष महतो के परिजनों ने क्या कहा?
प्रशासन की ओर से शराब पीने की बात नहीं कही जा रही है, लेकिन संतोष महतो के घर वालों ने काफी कुछ कहा है. पत्नी लालमुनि देवी ने कहा, “मेरा पति रात में घर आया, दूध-रोटी खाकर सो गया. सुबह उठा तो कहने लगा कि पेट में दर्द हो रहा है, आंखों से दिखाई भी नहीं दे रहा है. चार बार उल्टी हुई. हम लोग तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, वहां से रेफर कर दिया. मरते-मरते बस यही कहता रहा कि आंखों से कुछ दिखाई नहीं दे रहा है. इलाज के दौरान संतोष ने शराब पीने की बात बताई थी. मैंने पर्ची में भी इसका जिक्र किया है.”

संतोष महतो के भतीजे ने कहा, “चाचा की मौत कैसे हुई, इसकी पूरी जानकारी हमें नहीं है. मंगलवार को वे कहीं से शराब पीकर घर आए थे. रात में उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगी. पूरी रात वे उल्टी करते रहे.”

मशरक के एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु ने कहा कि शराब पीने से मौत की जानकारी नहीं मिली है. हम मामले की जांच कर रहे हैं. पहली नजर में लीवर खराब होने से मौत की आशंका है. बताया जाता है कि मशरक थाना क्षेत्र के तख्त गांव निवासी संतोष महतो पेशे से पेंटर थे. मजदूरी करते थे.

डीपीआरओ ने कहा- बीमारी से हुई मौत
डीपीआरओ रविंद्र कुमार ने इस पूरे मामले में बताया कि जांच के दौरान जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक मृतक संतोष महतो की अपनी पत्नी से कुछ दिनों पहले विवाद हुआ था. इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था. पिछले तीन दिनों से उसने ठीक से खाना भी नहीं खाया था. बीमारी की वजह से मौत हुई है. उधर मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज के बताया कि परसों रात में एक (संतोष महतो) की मौत हुई है. कल (गुरुवार) रात पानापुर में एक की मौत हुई है.