पटना। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस के इस एक्स पोस्ट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है “पहले हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान – यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है। वहीं, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी इस पर कड़ा विरोध जताया है।
कांग्रेस ने अपने पोस्ट में कहा कि “बीड़ी और बिहार दोनों ‘बी’ से शुरू होते हैं” और अब इन्हें “पाप” नहीं माना जा सकता, क्योंकि केंद्र ने बीड़ी पर जीएसटी कम कर दिया। यह पोस्ट अब डिलीट हो चुका है, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।
संजय झा ने जमकर साधा निशाना
संजय झा ने कहा है कि ये कांग्रेस की एक और अत्यंत शर्मनाक हरकत है। झा ने कांग्रेस को कहा है “आपको बता दें कि बी से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! बी से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है।
संजय झा ने कहा है कि बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान किया है, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक बनाया है।
उन्होंने कहा है कि इसी बिहार की पावन भूमि पर आदिशक्ति मां जानकी प्रकट हुई थीं। यहीं आकर भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था।स्वतंत्रता संग्राम के अनेक महान सेनानियों की भूमि बिहार ने ही देश को संविधान का पहला मसौदा और पहला राष्ट्रपति दिया है।
इसी बिहार ने गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाया और हां, इसी बिहार की भूमि से संपूर्ण क्रांति का बिगुल भी फूंका गया था, जिसने कांग्रेस की तानाशाह सत्ता को उखाड़ फेंका था।
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा है कि यकीन मानिए, बिहार की महान जनता कांग्रेस द्वारा बार-बार किए जा रहे अपमान का करारा जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी-बीड़ी के धुएं से नहीं, वोट की चोट से।