पटना। मिसेज इंडिया रनर अप रह चुकीं मोनिका मनी ने तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ली है। इससे पहले वह तेज प्रताप के दही-चूड़ा भोज में भी नजर आ चुकी हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) में ‘ब्यूटी क्वीन’ की एंट्री हुई है। मिसेज इंडिया 2017 की रनर अप रहीं मोनिका मनी जेजेडी में शामिल हो गई हैं। उन्होंने तेज प्रताप की मौजूदगी में सोमवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मोनिका मिसेज बिहार भी रह चुकी हैं। मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में सेकंड रनर-अप रही थीं। मकर संक्रांति में तेज प्रताप के दही-चूड़ा भोज में भी वह नजर आई थीं।
जनशक्ति जनता दल के सोशल मीडिया हैंडल से इसकी जानकारी दी गई। पार्टी ने कहा कि मोनिका मनी 2017 से लगातार शिक्षा, रोजगार, महिला उत्थान जैसे क्षेत्रों में सामाजिक सेवा कर रही हैं। उनके पार्टी से जुड़ने से जेजेडी के सामाजिक कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
कौन हैं मोनिका मनी? मोनिका मनी मूलरूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। वह मिसेज बिहार का खिताब जीत चुकी हैं। 2017 में उन्होंने मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और सेकंड रनर अप रही थीं। वह तीन बच्चों की मां हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और आंत्रप्रेन्योर रह चुकी हैं। मिसेज इंडिया रनर अप बनने के बाद वह सामाजिक कार्यों से जुड़ गईं। मोनिका अपने पति एवं बच्चों के साथ पटना में रहती हैं।
बीते जनवरी महीने में मकर संक्रांति के अवसर पर तेज प्रताप यादव ने अपने पटना स्थित आवास में दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया था। इसमें बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, मंत्री अशोक चौधरी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे। तेज प्रताप का यह भोज सियासी गलियारों में काफी चर्चा का विषय रहा था।
इस भोज में मोनिका मनी भी पहुंचीं थीं। तेज प्रताप के साथ मंच पर बैठे हुए उनकी तस्वीर भी चर्चा का विषय बनी थी। उस समय मीडिया से बातचीत में मोनिका ने कहा था कि उन्हें तेज प्रताप यादव ने जेजेडी से जुड़ने का ऑफर दिया है, वह इस पर विचार करेंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं हैं, लेकिन उनका जुड़ाव नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड से रहा है।
बंगाल चुनाव लड़ेगी जेजेडी? बता दें कि पिछले साल आरजेडी एवं लालू परिवार से निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप ने जेजेडी नाम से नई पार्टी बनाई थी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जेजेडी ने कुछ सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन निराशाजनक प्रदर्शन रहा। खुद तेज प्रताप वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनाव हार गए थे।
बिहार चुनाव में हार के बाद तेज प्रताप अपनी पार्टी का विस्तार करने में जुटे हुए हैं। वह पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। आगामी बंगाल चुनाव में जेजेडी कुछ सीटों पर प्रत्याशी उतार सकती है। तेज प्रताप स्थानीय नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।